सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री व शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा राजिम (रायपुर, छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख –
“शिकायतें बंद करो, जिम्मेदारी लो!”
— सुश्री सरोज कंसारी
“शिकायतें इंसान को कमजोर करती हैं, जबकि जिम्मेदारी उसे मजबूत बनाती है। सुख बाहर नहीं, बल्कि भीतर है; इसलिए मुस्कुराकर हर पल को जियो।”
===================================
सुख सामान खरीदने में नहीं, संतुष्ट रहने में, है। शिकायतें छोड़िए, मुस्कुराइए और बड़ा अनमोल जीवन के हर अनुभव का मजा लीजिए। जो कुछ भी हमारे पास है, उसके लिए ईश्वर व प्रकृति का कृतज्ञता) अदा करें। अक्सर मनुष्य अपनी सुख-सुविधा, शांति और समृद्धि के लिए विविध प्रयास करता है। जीवन-चक्र में, उलझा मनुष्य अनेक आवश्यकताओं से घिरा रहता है। अनंत-असीम इच्छाओं को लेकर वह संघर्ष में, दौड़ता-भागता है और हर पल अस्त-व्यस्त होता रहता है। मनुष्य के मन में, कई तरह की कल्पनाएँ पलती हैं। सुख-दुख से भरे इस जीवन की कहानी हर मोड़ पर बदलती रहती है। हम सभी को अभाव और प्रभाव, दोनों स्थितियों से गुजरना पड़ता है। चाहे हम कैसी भी हालत में, हों…! हमें धैर्य के साथ हर कार्य करना होता है। बिना समस्या के हम आगे नहीं बढ़ सकते। रिश्तों से बंधे मनुष्य को हर जगह नई जिम्मेदारी और नई भूमिका निभानी पड़ती है। जहाँ हम परिस्थिति से सामंजस्य नहीं बैठा पाते, वहीं हमें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जीवन में, जितने सरल हम होंगे, उतनी ही कठिनाइयों से पार पाने की क्षमता हममें विकसित होगी।
हम इस संसार में अकेले आते हैं, किन्तु जीवन-निर्वाह के लिए सामाजिक, पारिवारिक, आर्थिक, राजनैतिक और धार्मिक स्तरों पर जुड़ते हैं। सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य करते हैं। बिना सहयोग के हम आगे नहीं बढ़ सकते। हर इंसान का अपनी जगह एक महत्व होता है। इस संसार में जन्मा हर मनुष्य एक-दूसरे पर निर्भर है। कोई छोटा या बड़ा नहीं, बस सोच का फर्क है। जीवन और मरण के बीच एक सफर ही तो जिंदगी है। जाना तो सभी को है, चाहे अमीर हो या फकीर, अंतिम ठिकाना सबका एक है।
जीने के लिए इस संसार में, हर क्षेत्र में तपस्या आवश्यक है। तकलीफ हर कदम पर है। मन-मस्तिष्क को शांत और जीवन को सहज रखने के लिए हमें सहनशीलता की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। यहाँ हर पल हमें कहीं न कहीं, किसी न किसी बहाने से दर्द, असुविधा, असफलता, दुविधा, तनाव, ताने, दुर्व्यवहार, हानि, धोखा, दहशत और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। जहाँ जैसी जरूरत हो, वहाँ वैसे ही ढल जाना जिंदगी है। जीवन जीने के लिए कभी भावुक तो कभी कठोर बनना ही पड़ता है। हर मनुष्य की अपनी जीवन-शैली होती है जहाँ वह अपनी सोच, सुख, शौक, आदत या रुचि के अनुसार कार्य करता है। सबके अपने अलग नियम और सिद्धांत होते हैं।
हम अपने व्यक्तिगत जीवन में, चाहे जैसे भी रहें, लेकिन जीवन-पथ पर केवल हमारी मर्जी नहीं चल सकती। कुछ होनी-अनहोनी या आकस्मिक बाधाएँ आती हैं जहाँ हमें अपनी तेज रफ्तार जिंदगी को थोड़ा धीमा करना पड़ता है, इंतजार करना पड़ता है, रुककर माहौल को देखना-समझना होता है। कई बार हम अपने जीवन में इतने व्यस्त होते हैं कि आसपास देखने-सुनने का समय नहीं मिलता। जब हम केवल स्वयं के स्वार्थ तक सीमित हो जाते हैं, तब हम केवल खुद के बारे में सोचते हैं। लगता है कि सब कुछ जल्द मिल जाए, कोई समस्या न हो। कई लोग इतने सुविधाभोगी होते हैं कि दूसरों की तकलीफ समझना ही नहीं चाहते। जरा-सी असुविधा या कमी होने पर व्याकुल और क्रोधित हो जाते हैं।
मुसीबतें बता कर नहीं आतीं, और कई क्षेत्र ऐसे होते हैं जहाँ हमें समझौता करना पड़ता है। शिकायत करने के बजाय धैर्य से काम लेना आवश्यक होता है। जो हर बात पर शिकायत करते हैं, वे अस्थिर मानसिकता के होते हैं। हर समय शिकायत करने से मन में शुद्ध भाव नहीं आ पाते। सभी की जिंदगी में, कुछ न कुछ कमी होती है और शिकायतें होती हैं, किन्तु जो कुछ बातों को भुलाकर, उन्हें सुधारकर आगे बढ़ते हैं, वे हर पल का आनंद लेते हैं। बेवजह की बातों पर शिकायत करते रहने से व्यक्तित्व का विकास अवरुद्ध हो जाता है। व्यक्ति हीन-भावना से भर जाता है, कुंठित हो जाता है। शिकायत करने से मन में हर पल अंतर्द्वंद्व चलता रहता है, जो हमारी मानसिकता को उलझा देता है। जीवन है तो समस्याएँ हमेशा रहेंगी। हमें दृढ़ता से हर परिस्थिति का सामना करना चाहिए। कई लोग ऐसी बातों की शिकायतों से मन-मस्तिष्क को बोझिल बना लेते हैं जिनका हकीकत में, कोई औचित्य नहीं होता।
जो निरर्थक शिकायतें करते हैं, वे स्वयं को लाचार, असहाय और दुखी महसूस करते हैं। निराश होते हैं। जीवन में, सामंजस्य न बना पाने के कारण चिड़चिड़े, क्रोधी और कभी-कभी अव्यवहारिक हो जाते हैं। मन में किसी छोटी-सी बात को लेकर कई तरह के विचार पनपते हैं। हर वक्त शिकायत करने वाले व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक स्थिति धीरे-धीरे कमजोर होती जाती है। हर इंसान के जीवन में कठिनाई है। जहाँ तक हो, अपनी जिम्मेदारी निभाते रहिए। हर बात पर रोना, अफसोस करना, औरों को दोष देना, अपने ही कष्ट गिनाना छोड़ दीजिए। अपनी सहायता खुद करने की कोशिश कीजिए। जीवन को शिकायतों से भरकर कठिन मत बनाइए। मन का हर कोना खाली कीजिए। मन में अपनी रुचि, शौक और सपने रखिए।
सबसे बड़ी जिम्मेदारी खुद को मजबूत बनाना है, और इतनी समझदारी रखना है कि किसी के जीवन में आपकी वजह से तकलीफ न हो। आपका व्यक्तित्व ऐसा बनाइए कि आपको याद कर कोई दुखी भी मुस्कुरा दे। किसी की आँख का आँसू मत बनिए। जिम्मेदार होने से खुद पर विश्वास बढ़ता है। हम समस्या उत्पन्न नहीं करते, समाधान का हिस्सा बनते हैं। जिम्मेदार व्यक्ति बेवजह किसी के सामने दया का पात्र बनने की कोशिश नहीं करते। वे अपने आत्म-सम्मान की रक्षा खुद करते हैं। जब शिकायतें बंद होती हैं, तब जिंदगी की सुखद यात्रा प्रारंभ होती है। आप जीवन के हर क्षेत्र में विजयी होने की एक नई तैयारी करते हैं जहाँ आप स्वयं से मिलते हैं, अपनी काबिलियत को पहचानते हैं, अपने अस्तित्व को जीवित रखने के लिए सचेत होते हैं। छोटी सोच से निकलकर विशाल हृदय के धनी बनते हैं।
वास्तविक सुख बाहरी सुविधाओं में नहीं, अपितु आंतरिक संतोष में निहित है।…परिस्थितियों जैसी भी हों, सर्वदा मुस्कुराते रहिए; आप दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बन जाएँगे। अंततः स्मरण रखें: जीवन शिकायतों का लेखा-जोखा नहीं, अनुभवों का महोत्सव है। इसे दुर्भावनाओं से नहीं, कृतज्ञता से परिपूर्ण कीजिए। ये जीवन की वास्तविक शक्ति और शांति हमारे दृष्टिकोण में छिपी है। जब हम परिस्थितियों की शिकायत करना छोड़कर स्वयं की ज़िम्मेदारी स्वीकार करते हैं, तो हम भीतर से मजबूत होते हैं। खुशी किसी बाहरी वस्तु या परिस्थिति में नहीं, बल्कि हमारे अपने भीतर विद्यमान है; इसलिए हर क्षण को स्वीकार करें और मुस्कुराकर जीवन जिएं।…परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने जीवन को हमेशा मुस्कुराकर ही जीतें।
———————————————————-






