हम परस्पर सम्मान देंगे, सब कलुष मिटेगा, मधुरता आएगी; यही सुगंध संपूर्ण संसार में फैलकर इसे रहने योग्य बना देगी

Spread the love

 

सुश्री सरोज कंसारी

लेखिका, कवयित्री व शिक्षिका

अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति, 

नवापारा राजिम (रायपुर, छत्तीसगढ़)

 

               (नया अध्याय, देहरादून)

 

 

आलेख –

 

हम परस्पर सम्मान देंगे, सब कलुष मिटेगा, मधुरता आएगी; यही सुगंध संपूर्ण संसार में फैलकर इसे रहने योग्य बना देगी

             सुश्री सरोज कंसारी

 

===================================

 

चलें आज मानवता का मान बढ़ाएं

हर भेंट व संवाद में सम्मान जगाएं।

हर कर्म से आदर का भाव दिखाएं,

शांति, संतोष व प्रगति का सूर्य उगाएं।

 

वैश्विक शांति किसी बाहरी क्रांति पर आश्रित नहीं, वह हमारे स्वयं के व्यवहार, पवित्र संवाद और शुद्ध कर्मों से उत्पन्न एक अंतःक्रांति है। किसी को सम्मान देना भी जीने की एक सुंदर कला है। सम्मान देने से दूषित विचार नष्ट होते हैं और नए विचारों व बेहतर कार्य-प्रणाली का निर्माण होता है। संघर्ष के पथ पर चलकर जो लक्ष्य तक पहुँचते हैं, वे साधारण नहीं होते। वे हर पीड़ा समेटकर अनुभव से नए मार्ग बनाते हैं। असंभव को संभव करते हैं। भीड़ से अलग, अकेले चुनौतियों का सामना कर कुछ नया आविष्कार करते हैं। जो जीवन-पथ पर अपना उद्देश्य नहीं भूलते, वही सफल होते हैं…इस उलझन भरी जीवन-यात्रा में जीना सरल नहीं। हर व्यक्ति अलग है, हर सोच अलग है। सबकी दृष्टि में स्वयं को सही रूप में स्थापित करना संभव नहीं। इसलिए कहीं-न-कहीं समझौता, सामंजस्य और समन्वय करना पड़ता है। कर्म से ही हम सफलता की ऊँचाई छूते हैं, और कभी-कभी उसी से पतन तक पहुँचते हैं। इसलिए जो बनना-करना है, उस पर पूर्ण चिंतन आवश्यक है। अपने लिए जीना सामान्य है। पर जो संपूर्ण संसार के लिए श्रम, सेवा, भक्ति, शक्ति और कौशल से समर्पित होते हैं, वे श्रद्धा के पात्र बनते हैं।

 

जो औरों के हित में कुछ कर गुजरते हैं, वे सच में पूजनीय, वंदनीय और प्रेरक होते हैं। छीनकर, माँगकर या खरीदकर पाई गई पद-प्रतिष्ठा एक दिन धूमिल हो जाती है, क्योंकि असत्य की हमेशा हार होती है। आज हर कोई स्वयं को श्रेष्ठ सिद्ध करना चाहता है। मन में द्वंद्व चलता रहता है, मस्तिष्क में कुविचार जन्म लेते हैं—‘दूसरे से आगे कैसे जाएँ?’ जब हम केवल अपना लाभ सोचते हैं और दूसरों को हानि पहुँचाने का प्रयास करते हैं, तब नकारात्मकता बढ़ती है। हम छल-छद्म के अंतर्गत काम करने को विवश होते हैं। गलत तरीके से भी प्रतिद्वंद्वी को क्षति पहुँचाना चाहते हैं। जब हम छल, कपट, वैर, ईर्ष्या, द्वेष, क्रोध और घृणा के भाव रखते हैं, तब स्वयं की आत्मा दूषित होती है। मन विचलित होता है, चिड़चिड़ापन, शोक, संताप और भय घेर लेते हैं। सद्विचार न होने पर मुख पर भी उदासी दिखती है—व्यक्ति रोगी, मुरझाया और दीन-हीन लगता है। इसके विपरीत, जब हम स्वयं के साथ-साथ सबके कल्याण, सुख, समृद्धि और विकास के लिए नैतिक, आध्यात्मिक और सात्विक भाव रखते हैं, तब हम उत्साहित, प्रसन्न और भीतर से सुखी अनुभव करते हैं। आत्मविश्वास से भर जाते हैं, होठों पर मुस्कान आती है। इसलिए कहा जाता है—जो संतुष्ट होते हैं, वे परेशान नहीं होते। वे दूसरों के जीवन में हस्तक्षेप नहीं करते, अपने स्वभाव में मग्न रहते हैं। निराशा हर दृष्टि से हानिकारक है। हर मनुष्य चाहता है कि उसके कार्य, व्यवहार, सोच और कला-कौशल को सब पसंद करें, उसे प्रसिद्धि मिले।

 

कोई भी अपने लिए अशुभ नहीं सोचता। पर जीवन में कर्म के अनुसार ही परिणाम मिलते हैं। आज मनुष्य में स्वार्थ अधिक है। वह केवल अपने बारे में सोचता है। यही कारण है कि दूसरों के अच्छे गुणों को अपनाने, सुनने और आदर देने की जगह हम निंदा में समय नष्ट करते हैं। आज एक मनुष्य होने के नाते दूसरे का सम्मान करना आवश्यक है। सम्मान देकर हम आभार प्रकट करते हैं, धन्यवाद देते हैं। जो मेहनत, लगन और कौशल से परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी कार्य करते हैं, वे सच में सम्मान के अधिकारी हैं। जो आज की अव्यवस्थित दुनिया में भी मानसिक संतुलन बनाए रखकर कुछ कर दिखाने को आगे बढ़ते हैं—चाहे किसी भी क्षेत्र में हों—उनका सम्मान होना चाहिए। कार्य छोटा-बड़ा नहीं होता। अच्छे व्यवहार से ही मानसिक शांति मिलती है। सम्मान देने से दूषित विचारधारा समाप्त होती है। नए विचार जन्म लेते हैं, कार्य के प्रति रुचि बढ़ती है, सक्रियता और दोगुनी ऊर्जा मिलती है। जब कोई संगठन या व्यक्ति अद्भुत कार्य के लिए किसी को प्रोत्साहित करता है, शाबाशी देता है, प्रशंसा करता है, गुणों का बखान करता है, तो मन में साहस, धैर्य और क्षमता और बढ़ जाती है। हम उसे बेहतर बनाने का प्रयास करते हैं। इसलिए खुले मन से, सच्चे हृदय से, बिना स्वार्थ के कौशल और अच्छे कार्यों का सम्मान अवश्य करें।

 

किसी की योग्यता को सम्मान देना दुनिया की सबसे बड़ी कला है। किसी के हृदय को आत्मीयता से स्पर्श करना भी एक कौशल है। आज की बनावटी दुनिया में हर कोई आकर्षक दिखने, झूठी सांत्वना देने और स्वार्थ के लिए साथ निभाने वाला है। ऐसे में जो आपके अंतर्मन को पढ़कर आपकी शक्ति, सामर्थ्य और स्वभाव से परिचित कराए और उदास जीवन में नई आशा भर दे, वे अनमोल हैं। धन ही समृद्धि नहीं; किसी को जीने का कारण देना सबसे बड़ी समृद्धि है। सम्मान देने से भाईचारे और विश्व-बंधुत्व की भावना का संचार होता है। जीवन में अनुशासन आता है, मर्यादा का ज्ञान होता है, संस्कार जन्म लेते हैं, आत्मविश्वास बढ़ता है। इसलिए एक-दूसरे के कार्यों का सम्मान करें। किसी के प्रति सम्मान प्रकट करना मानवीय प्रवृत्ति है। इससे स्वस्थ सामाजिक, मानसिक और राष्ट्रीय गुण विकसित होते हैं। व्यक्तित्व में निखार आता है। सम्मान देना सबसे सुंदर उपहार है। संसार के हर प्राणी में कोई-न-कोई विशेषता होती है। जब हम उनकी छुपी प्रतिभा को अवसर देते हैं, तो उनमें कुछ कर दिखाने का उत्साह बढ़ता है। आज योग्य नागरिकों के निर्माण की कठिन आवश्यकता है। प्रगति के साथ हमारी संस्कृति धूमिल हो रही है। हम अपने ही परिवार में माता-पिता, बुजुर्गों, संबंधियों, मित्रों और गुरुओं का सम्मान नहीं कर पाते, जबकि वे ही जीवन को गति देते हैं। सबमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान-भाव जगाना आज की प्राथमिकता है।

 

किसी की योग्यता का परिचय सम्मान देकर देना सबसे अच्छा माध्यम है। जिनसे सकारात्मक संदेश जाए, ऐसे लोगों का सम्मान अवश्य करें। इस संसार में कुछ लोग सृजन करते हैं—बिगड़े को बनाते हैं, रूठे को मनाते हैं, गिरते को संभालते हैं, निरुत्साहित को प्रोत्साहित करते हैं। जो शिक्षा, संस्कृति और सभ्यता के नव-निर्माण में सहयोगी हैं, वे सच में मानवता के रक्षक हैं। अच्छे मनुष्यों की बहुत आवश्यकता है। सभ्य होकर ही संसार को सुंदर बनाया जा सकता है। जब हम किसी की प्रतिभा का सम्मान करते हैं, तो दूसरे भी उसका अनुकरण करते हैं। पर जो अयोग्य हैं, विनाश को निमंत्रण देते हैं, अव्यवस्था फैलाते हैं, दुर्गुणों से भरे हैं, किसी के काम नहीं आते और अपनी जीवन-यात्रा भी नष्ट करते हैं—ऐसे लोग अपने कर्मों से स्वयं अपमानित होते हैं। इसलिए जो सही हैं, श्रेष्ठ कर रहे हैं, जिनकी सोच परोपकारी है, उनका सम्मान करना हम सबका कर्तव्य है। जाति, पंथ, धर्म, लिंग, रूप-रंग, धन, ख्याति या पद-प्रतिष्ठा देखकर सम्मान मत कीजिए। जो समस्त मानव जाति के लिए सेवा, समर्पण और त्याग के साथ कार्य कर रहे हैं, उन्हें भरपूर सम्मान दीजिए। केवल मनुष्य और उसके अच्छे कर्म देखिए। भेदभाव से ही लोगों में क्रोध, प्रतिशोध और ईर्ष्या के भाव पनपते हैं। जब योग्य का सम्मान नहीं होता और अयोग्य का होता है, तब हीन भाव आते हैं। ऐसे लोग भी गलत मार्ग पर चल पड़ते हैं और समाज व राष्ट्र को क्षति पहुँचाते हैं।

 

अक्सर कहा जाता है—‘भलाई का कोई मोल नहीं’ । इसी सोच को बदलना होगा। हम सभी मनुष्य हैं। जब अच्छा देंगे, तभी सुंदर संसार की कल्पना सच होगी। असत्य, दिखावे और भय से केवल चापलूसों को पुरस्कृत करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं। आचरण से दिया गया सम्मान सबसे महत्वपूर्ण होता है, वह सीधे आत्मा तक पहुँचता है। जब हम प्रेम से किसी की छोटी-सी उपलब्धि का भी सम्मान करते हैं, तो उनकी प्रसन्नता अपार होती है। जो आपके संपर्क में हैं, यदि उनमें हँसने-हँसाने, मधुर वाणी बोलने, सहयोग करने के गुण हैं; यदि उनके उठने-बैठने का ढंग है, वे संबंधों के प्रति ईमानदार हैं—तो उन्हें अनुभव कराइए कि उनका स्वभाव बहुत अच्छा है। इसे हमेशा बनाए रखें। सुनकर उन्हें अच्छा लगेगा। किसी के मन को अच्छी सोच के लिए प्रेरित करना ही तो जीवन है।

 

हमारे आसपास ऐसे बहुत लोग हैं जिनमें कई खूबियाँ हैं। हम उनसे बात करते हैं, साथ रहते हैं, पर कभी अनुभव नहीं करा पाते कि उनमें भी अच्छे गुण हैं जिनसे हम सीखते हैं। उनके सान्निध्य से हमारा सुधार होता है, मन को शांति मिलती है। कभी ध्यान दीजिए और उन्हें बताइए। प्रेम-स्वरूप कुछ भेंट कीजिए। सोचिए, कितना अच्छा लगेगा। प्रसन्नता पाने और देने का साधन बहुत सस्ता है, पर हम स्वयं को महंगा बना लेते हैं। झुकना नहीं चाहते, अनुभव जताते नहीं, जबकि यह बहुत आवश्यक है।

 

आज भी हर कोने में कई लोग अव्यवस्थित जीवन जी रहे हैं, पर उनमें बहुत खूबियाँ हैं। कोई पूछने वाला नहीं, मार्गदर्शन देने वाला नहीं। कौशल के धनी होकर भी उसे प्रदर्शित नहीं कर पाते, निराश होते हैं। सबसे अधिक हम अपने व्यवहार से लोगों के हृदयों को छूते हैं। घृणा से भरा कुटिल व्यवहार किसी को पसंद नहीं। बुरे व्यक्ति को भी दया, करुणा, क्षमा, स्नेह और अपनापन देकर सुधरने का अवसर दीजिए। अगर उसमें कोई विशेष गुण है, तो उसे सही दिशा दीजिए, सम्मान कीजिए। हो सकता है वह सही मार्ग पर चल पड़े। आज हम स्वयं किसी को सम्मान नहीं देते, तो बच्चे क्या सीखेंगे..? जबकि इसमें कुछ खर्च नहीं होता। सात्विक विचार के साथ, बिना छल-छद्म के, सही व्यक्तित्व का सम्मान करने में कभी संकोच न करें। इसे अपने दैनिक जीवन की आदत बनाइए। जिस दिन योग्यता का सम्मान करना सीख जाएँगे, उस दिन मन के बहुत-से मैल यूँ ही धुल जाएँगे। शत्रुता के भाव जीवन को नष्ट करते हैं, मित्रता हमेशा प्रसन्नता देती है। इसलिए किसी से भी मिलें, हृदय से मिलिए, उन्हें आदर दीजिए। शत्रुता और घृणा को भूल जाइए। जीने के बहुत-से कारण हैं। अपनी जीवन-यात्रा को अपने अनुसार ढालिए, सार्थक बनाइए। प्यार, भरोसा और एकता का पौधा बढ़ता है। जीवन के इस सफर में यदि हम अपना घमंड छोड़कर औरों को आदर दें, तो समाज में कोई छोटा-बड़ा नहीं रहेगा, सब एक समान होंगे।

 

====================================

 

 

  • Related Posts

    कर्मफल (भाग 26)

    Spread the love

    Spread the love  राजेन्द्र रंजन गायकवाड                                            (सेवा निवृत जेल…

    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    Spread the love

    Spread the love  ब्यूरोः  (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)          डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।   साहित्यिक साधना,…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    कर्मफल (भाग 26)

    • By User
    • November 10, 2026
    • 8 views
    कर्मफल (भाग 26)

    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 14 views
    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    • By User
    • November 10, 2026
    • 13 views
    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 11 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 25 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    कर्मफल  (भाग 25)