मीडिया प्रभारीः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, देहरादून)
अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर मानसखण्ड विज्ञान केंद्र, अल्मोड़ा में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम।
अल्मोड़ाः आज अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर मानसखण्ड विज्ञान केंद्र में एक जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य विषय “वैश्विक प्रभाव के लिए स्थानीय क्रियाकलाप” रहा, जिसके माध्यम से जैव विविधता संरक्षण में स्थानीय समुदायों, कृषि प्रणालियों एवं वैज्ञानिक प्रयासों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ0 संदीप कुमार, एस० एस० जे० विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के एवं ई० दीप चन्द्र बिष्ट, सचिव सपर्धा संस्था, अल्मोड़ा, रहे। वक्ताओं ने जैव विविधता के स्थानीय परिदृश्य, पारिस्थितिक संतुलन एवं प्रकृति संरक्षण में जनभागीदारी की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम काीय शुभारंभ मानसखण्ड विज्ञान केन्द्र के इमेरिटस वैज्ञानिक डाॅ० जी. सी. एस. नेगी द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एवं स्थानीय स्तर पर जैव विविधता की वर्तमान स्थिति, उसके संरक्षण की चुनौतियों तथा भविष्य की आवश्यकताओं के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी। अपने व्याख्यान में डॉ0 संदीप कुमार ने कृषि फसलों में कीटों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लगभग 99 प्रतिशत कीट लाभदायक होते हैं, जबकि केवल 1 प्रतिशत कीट ही हानिकारक श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि परागण, मृदा उर्वरता एवं प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में लाभदायक कीटों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जो मानव जीवन एवं जैव विविधता संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में डा० प्रियंका अधिकारी ने आधुनिक कृषि प्रणालियों में जैव उर्वरकों के बढ़ते महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैव उर्वरकों का उपयोग न केवल कृषि उत्पादन को बढ़ाने में सहायक है, बल्कि यह मृदा स्वास्थ्य एवं जैव विविधता संरक्षण के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है। ई० दीप चन्द्र बिष्ट द्वारा मौनपालन की ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र एवं जैव विविधता संरक्षण में उनके योगदान हेतु महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम का संचालन ई० प्रदीप तिवारी ने किया एव धन्यवाद प्रस्ताव दीपान्शु चन्द्र ने किया। इस अवसर पर मानसखण्ड विज्ञान केन्द्र के परिसर में सभी प्रतिभागियों द्वारा पौधारोपण किया गया। इस पहल का उद्देश्य न केवल हरियाली को बढावा देना था, बल्कि स्थानीय जैव विविधता को सहेजना और आने वाली पीढीयों को एक स्वस्थ पर्यावरण देना भी है। आज के कार्यक्रम में अल्मोड़ा के 6 ग्राम पंचायतों शैल गूठ, आनंदपुर, सुनौला तल्ला, सुनौला मल्ला, मटेला, चितई पन्त एवं स्पर्धा संस्था के साथ कार्य कर रही महिलाएँ, एस० एस० जे० विश्वविद्यालय अल्मोड़ा से शोध छात्र-छात्राएँ, विभिन्न विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थाओं सहित लगभग 80 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।







