सौजन्यः डा. शीला डागा
हरिद्वार उत्तराखण्ड
(नया अध्याय, देहरादून)




2003 में उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के काठगोदाम -हल्द्वानी में 20 संवेदनशील व्यक्तियों के समूह ने अपने क्षेत्र के दृष्टिबाधितों के जीवन को सुधारने के लिए एक संस्था नेशनल असोसिएशन फॉर द ब्लाइंड्स ( नैब) की शाखा स्थापित करने की योजना बनाकर इसे पंजीकृत करवा लिया। पहली मीटिंग में संस्था के प्रबंधन के लिए आर्थिक संसाधनों की उपलब्धि की समस्या के समाधान पर विचार-विमर्श हुआ। सुश्री सविता लाहौटी ने कहा कि हम सभी मिलकर समाज के सहयोग से इस समस्या का समाधान भी कर लेंगे। यह कहते हुए इन्होंने एक छोटी धनराशि भेज पर रख कर शुरूआत कर दी।एक महिला श्रीमती बलूटिया ने अपने घरके वराण्डे में कार्यालय बनाकर दृष्टिबाधित 5 बच्चों की देखभाल शुरू कर दी। अगले ही दिन से सविता जी ने कुछ दुकानों एवं कुछ परिचितों के घर जाकर चंदा एकत्र करना शुरू किया। इन्होंने कीर्तन, विवाह आदि में तथा हल्द्वानी, भीमताल तक होटलों में पेटियां रखकर भी चंदा एकत्र किया। एक बहुत ही आवश्यक और श्रेष्ठ उद्देश्य के लिए वहां के नागरिकों ने भी सहयोग की स्वीकृति दी। कुछ समय पश्चात् वन विभाग से गौलापार भूमि लीज पर लेकर वहां संस्था के लिए भवन निर्माण आरंभ कर दिया। जीवन बीमा निगम ने वाहन दिया, औरों ने भवन निर्माण की सामग्री, कुछ ने जीवन के लिए अन्य आवश्यक वस्तुएं, भोजन सामग्री आदि प्रदान की। जब निवास का कुछ प्रबंध हो गया तो बालक बालिकाओं को वहां बुला लिया। फिर इनकी शिक्षा का भी प्रबंध किया गया।
आज यहां लगभग 100 बच्चे हैं। संस्था में एक समृद्ध ब्रेल पुस्तकालय, कम्प्यूटरों की व्यवस्था भी है। कुल मिलाकर 32 व्यक्ति यहां कार्य कर रहे हैं । यहां से शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बने कुछ दृष्टिबाधित विद्यालयों में, बैंक आदि में कार्य कर रहे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय में भी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से बहुत ही छोटी सी एक राशि एक बार प्रदान की गई थी, शेष धनराशि एवं संसाधनों के 75% का प्रबंधन सविता जी द्वारा अपने नगर, विदेशों में बसे कुछ परिचित जनों के प्रतिमाह सहयोग से किया गया और किया भी जा रहा है।
2016 में संस्था में कार्यरत जनों द्वारा सविता जी को अध्यक्षा के पद पर आसीन कर दिया गया है।
इससे पूर्व वह चुपचाप बिना किसी प्रतिदान की इच्छा के अपना कार्य करती रही हैं। संस्था का सारा लेखा जोखा इन्हीं के हाथों में रहा है। इन्होंने संस्था से कभी एक पैसे का भी लाभ नहीं लिया है। इनके पति, पुत्र, पुत्री एवं अन्य परिवार जन भी सहयोग करते रहे हैं और कर रहे हैं। जो भी इस संस्था को देखने आता है, यहां की व्यवस्थाओं से प्रभावित होकर इससे जुड़ जाता है।
80 वर्ष की आयु में भी कार्यरत हैं। वहां के बच्चों की प्रिय दादी हैं।
अनेक नागरिक सम्मान मिलते जा रहे हैं।
20 मई को नैब संस्था के अनेक स्थानों से आए कार्यकारिणी के प्रतिनिधियों ने इस संस्था का निरीक्षण किया। सभी यहां की व्यवस्थाएं देखकर बहुत प्रभावित हुए। देश में नैब के 22 केंद्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन इसी संस्था का माना गया है। सुश्री सविता लाहौटी को उनकी ओर से प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किया गया।







