सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री एवं शिक्षिका
अध्यक्ष : दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम (रायपुर, छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
लेख –
“जब तक जीवित हैं, तब तक जंग जारी रहेगी”
—सुश्री सरोज कंसारी
=================================
जो फट गए वो पन्ने, बस बीता हुआ कल थे,
जो बिखर गई वो स्याही, गुज़रे हुए पल थे।
उठो, थाम लो कलम, अब रुकना नहीं तुम्हें,
लिखना है बुलंद हौसलों से चमकदार सवेरा।
जिंदगी कभी रुकती नहीं है; अतीत चाहे कितना भी बिखरा हुआ क्यों न हो, वर्तमान के एक साहसी कदम से हम अपने आज को पूरी तरह से खूबसूरत बना सकते हैं। कठिनाइयाँ अस्थायी हैं और अच्छा समय आना निश्चित है। जीवन में हर मनुष्य के सामने दो ही मार्ग होते हैं—या तो वह अपनी परिस्थितियों का रोना रोकर अपनी जिंदगी को एक ‘शिकायत’ बना ले, या फिर वक़्त से लड़कर, अपने हौसलों और धीरज से दुनिया के लिए एक ‘मिसाल’ बन जाए। यह चुनाव पूरी तरह हमारे ‘प्रयास’ पर निर्भर करता है।
हर इंसान के भीतर उसकी कल्पनाओं की एक खूबसूरत दुनिया होती है जहाँ अनंत ख्वाहिशें पलती हैं, जिन्हें वह हकीकत में जीना चाहता है। ख्वाब को सच करने की जिज्ञासा ही जीवन को रोचक बनाती है।…ज़िंदगी एक इंतज़ार है जहाँ हर पल हम कुछ न कुछ पाने के लिए उत्साहित रहते हैं। हर इंसान भीतर से नाज़ुक होता है। उसके भीतर प्रेम की धारा निरंतर बहती है। हर कोई स्नेह की छाँव में ठहरना चाहता है। अपनापन, सुरक्षा, परवाह, मित्रवत व्यवहार, दिल से जुड़े रिश्ते, आपसी अटूट विश्वास, एहसास का स्पर्श, भावनाओं का सम्मान और निस्वार्थ भाव — ये मनुष्य के स्वाभाविक गुण हैं। इंसान जीवन की हर खुशी को गले लगाना चाहता है।
हर इंसान अच्छे भाव लेकर जीवन-पथ पर चलता है, जहाँ उसे उम्मीद होती है कि उसके सपने साकार होंगे। जिस जोश और जुनून के साथ हम सफर की शुरुआत करते हैं, ज़रूरी नहीं कि अंत तक वे भावनाएँ वैसी ही बनी रहें। जीवन के सफर में कई दुविधाएँ जन्म लेती हैं। जिम्मेदारियाँ हमें बाँधकर रखती हैं। सपने टूटते हैं। अपनों से मिले जख्म कभी-कभी भरते नहीं, समय के साथ और गहरे हो जाते हैं। दर्द मिलता है, उम्मीदें टूटती हैं, कदम बहकते हैं। बचपन से बुढ़ापे तक ज़िंदगी की अलग ही कहानी होती है, जो बनती-बिगड़ती रहती है।
हर पल जिंदगी हमें नए सपने, नई मंजिल और नई राह देती है, साथ ही समस्याओं का ढेर भी। मानसिकता हर पल अस्त-व्यस्त होती रहती है। जीवन की थकान के बीच ही हमें लड़कर, जूझकर और गिरकर सफलता के शिखर तक जाना होता है। संघर्ष से जो संभल जाते हैं, वही जीवन में निखर पाते हैं।…कभी-कभी हर चाहत दिल में ही दफ़न हो जाती है। लोग जज़्बात से खेल जाते हैं, आपकी भावनाओं का मज़ाक बनता है। आपकी भावुकता और असीम लगाव ही आपकी कमज़ोरी बन जाती है। कहीं संदेह-टकराव, बिखराव-अलगााव, ताने मिलते हैं तो कहीं आपसी समन्वय, साहस और नई प्रेरणा। जीवन की गति एक-सी नहीं होती। अपने भावुक मन को हर पल नियंत्रित करना होता है। अंतर्युद्ध से मन का हर कोना संदेह की स्थिति में होता है।
इस अंतर्युद्ध में कभी-कभी हम खुद से ही हार जाते हैं। हमें भीतर की इस लड़ाई को जीतना है। जिन वादों, इरादों, सोच और सहारे के दम पर हम दूर तक निकल जाते हैं, अचानक मंज़िल के करीब आकर भी सब बिखर जाता है। हम झूठ, दिखावे, स्वार्थ और षड्यंत्र के शिकार हो जाते हैं। सारे सपने टूटकर चकनाचूर हो जाते हैं। पाने की जिद समझौते में बदल जाती है। सब कुछ खोकर जब मन सहम जाता है, विचार शून्य हो जाते हैं, तब समझ आता है कि जिंदगी में रिश्ते-नाते, मोह-माया में उलझकर मनुष्य जिस सुख-शांति और सुकून को पाने के लिए दौड़ता-भागता है, वह सब यहीं खो देता है।…सबसे बड़ी जंग तलवारों से नहीं लड़ी जाती, वो हर रात उस तकिए पर लड़ी जाती है जहाँ हम खुद से सवाल करते हैं।
एक समय आता है जब हमारी आँखों से भ्रम का पर्दा हटता है और हम बाहर नहीं, भीतर के सुकून की तलाश करते हैं। हमें समझ आता है कि इस संसार की भीड़ में कोई अपना नहीं। सब क्षणिक सुख है। हमें आत्मिक सुख के लिए कार्य करना चाहिए, लेकिन हम भौतिक सुख में अपना समय व्यर्थ करते हैं। इस जीवन को व्यवस्थित रखने के लिए हमें पारिवारिक, सामाजिक, मित्र और परिचित स्नेहियों के रूप में कुछ जिम्मेदारियाँ मिलती हैं। उनमें मिठास बनाए रखना, उन्हें निभाना और सहयोग देना हमारा धर्म होता है। आज किसी भी रिश्ते को दिल में जगह देने की बजाय हम उसे ज़रूरत तक ही समेट लेते हैं। रिश्तों में गहराई नहीं रखते, बस हम एक-दूसरे को अपने मतलब तक इस्तेमाल करते हैं और भूल जाते हैं। यही वजह है कि आज लोग एक-दूसरे के साथ रहकर भी संदेह से भरे होते हैं। जहाँ भूख और भोग-विलास अधिक होता है, वहाँ हम रूह तक नहीं उतर पाते। जहाँ आत्मिक जुड़ाव होता है, वहाँ लोग एक-दूसरे से कभी नहीं बिछड़ते।
हमें समझना है कि साँसें चल रही हैं, तब तक यह जीवन अमूल्य है। हमारे पास जीने का, कुछ पाने का अवसर है। जब तक जीवित हैं, जिंदगी की जंग लड़नी है और यह जंग अनवरत जारी रहती है जब तक साँसें थम नहीं जाती। यही सत्य है जिसे हर किसी को स्वीकार करना चाहिए। ये जिंदगी खुद एक ताकत है जिसके रहते हम गिरकर फिर उठ सकते हैं। रोना, शिकायत करना, अफ़सोस करना — यह जीवन की कमजोरी है। जब तक समय बाकी है, एक नई शुरुआत करना ही जिंदगी है। अपनी जिंदगी की कहानी अधूरी मत छोड़िए, उसे पूर्ण कीजिए। लोग आपके बाद भी उसे पढ़ेंगे, सीखेंगे और अनुकरण करेंगे। गरीबी-बेकारी, लाचारी-नादानी, ताना-अपमान और दर्द से आगे जाना होगा। किस्मत को चमकाना है तो खुद की शक्ति को जगाना होगा।
निरंतर याद रखिए, ये जिंदगी एक कोरा कागज है और कलम आपके हाथों में है। लोगों ने इसके पन्ने फाड़े होंगे, स्याही फैलाई होगी; मगर किताब अभी खत्म नहीं हुई है। दर्द को अपनी स्याही बनाइए और संघर्ष को अपनी कलम। जब तक साँसें चल रही हैं, तब तक कहानी खत्म नहीं होती। याद रखो, तुम्हारा आज का एक फैसला, कल की पूरी किताब का शीर्षक बदल सकता है। उठो, क्योंकि कहानी के नायक तुम हो, दर्शक नहीं। प्रकृति जब शाम की ओट में अंधेरे की चादर ओढ़ती है, तो वह वास्तव में सोई नहीं होती; वह चुपचाप अपनी कोख में एक और सुनहरे और चमकदार सवेरे को जन्म दे रही होती है।
——————————————————-
।। जय जय भारत ।।







