मीडिया प्रभारीः प्रेरणा गौतम
(नया अध्याय, देहरादून)
“स्वागत है आपका अच्छे दिन में जहां पेट्रोल 100 के पार, और हम बैलगाड़ी के द्वार क्योंकि ये है विश्वगुरु की रफ्तार ”
देश में विकास की रफ्तार इतनी तेज हो गई है कि अब वह उल्टी दिशा में भी दौड़ने लगी है। पिछले 10 दिनों में चौथी बार पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़े सोमवार को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीज़ल 2.71 रुपये महंगा हुआ। दिल्ली में पेट्रोल 100 पार, मध्यप्रदेश में 114.54 रुपये प्रति लीटर! लेकिन घबराइए मत, यह महंगाई नहीं, “मॉडर्न रिवाइवल प्रोजेक्ट” है जहाँ भविष्य के नाम पर हमें अतीत की सैर कराई जा रही है।
पहले लोग कहते थे कि भारत 21वीं सदी में पहुँच गया है, लेकिन अब सरकार ने साबित कर दिया कि हम 19वीं सदी को भी नहीं भूले हैं। आखिर, अपनी जड़ों से जुड़ना भी तो जरूरी है! पेट्रोल महंगा हुआ तो क्या, बैलगाड़ी सस्ती है। डीजल आसमान छू रहा है तो क्या, साइकिल की हवा अभी भी फ्री है जब तक वो भी “ऑक्सीजन टैक्स” के दायरे में न आ जाए।
अब जरा इस पूरे परिदृश्य को सकारात्मक नजरिए से देखिए। सरकार ने युवाओं के लिए एक नया ट्रेंड लॉन्च किया है BackToBullockCart। Gen Z, जो अब तक स्पोर्ट्स बाइक और कार के सपने देखती थी, अब बैलगाड़ी में “विंटेज वाइब्स” का मजा लेगी। इंस्टाग्राम पर रील्स बनेंगी “माय फर्स्ट बैलगाड़ी राइड”, “सस्टेनेबल ट्रैवल गोल्स”, और कैप्शन होगा “पेट्रोल महंगा है, पर हमारी खुशी सस्ती नहीं!”
कभी लोग कहते थे कि “डिजिटल इंडिया” बन रहा है, अब “रूरल इंडिया रीलोडेड” बन रहा है। गाँव की तरफ पलायन अब मजबूरी नहीं, फैशन बन चुका है। शहरों की ट्रैफिक और पेट्रोल की कीमतों से परेशान युवा अब गर्व से कहेंगे “भाई, मैं तो गाँव में ही सेटल हो रहा हूँ, बैलगाड़ी में ऑफिस जाऊंगा, और चूल्हे पर बनी रोटी खाऊंगा ऑर्गेनिक लाइफस्टाइल!”
सरकार का विजन बहुत स्पष्ट है “आत्मनिर्भर बनो।” अब जब पेट्रोल इतना महंगा हो गया है, तो आप खुद ही सोचेंगे “क्यों न पैदल चला जाए?” इससे स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा और जेब भी। जिम की मेंबरशिप की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि रोज 5 किलोमीटर पैदल चलना अब मजबूरी ही सही, लेकिन फिटनेस का नया मंत्र बन जाएगा।
और गैस सिलेंडर? अरे भाई, वो तो अब स्टेटस सिंबल बन चुका है। पहले लोग सोने के गहने दिखाते थे, अब कहेंगे “देखो भाई, मेरे घर में गैस सिलेंडर है!” लेकिन चिंता मत करिए, सरकार ने इसका भी समाधान दे दिया है चूल्हा 2.0। लकड़ी, उपले, और धुआँ सब कुछ देसी, सब कुछ स्वदेशी। आँखों में आँसू आएंगे, लेकिन वो भी “इमोशनल कनेक्शन” का हिस्सा होंगे।
अब बात करते हैं “अच्छे दिनों” की। पहले अच्छे दिन आने वाले थे, अब आ चुके हैं बस पहचानने की जरूरत है। पहले हम एसी में बैठकर पेट्रोल की कीमतों पर चर्चा करते थे, अब खुले आसमान के नीचे बैलगाड़ी में बैठकर वही चर्चा करेंगे। फर्क सिर्फ इतना है कि अब हवा फ्री मिलेगी जब तक उस पर भी टैक्स न लग जाए।
और देखिए, यह सब सिर्फ आर्थिक नीति नहीं, सांस्कृतिक पुनर्जागरण भी है। रामराज्य की कल्पना साकार हो रही है। तब भी लोग पैदल चलते थे, बैलगाड़ी का इस्तेमाल करते थे, और चूल्हे पर खाना बनता था। यानी हम “गोल्डन पास्ट” की ओर लौट रहे हैं। फर्क बस इतना है कि तब यह मजबूरी नहीं थी, और अब यह “नीति” है।
युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। स्टार्टअप आइडिया की कमी नहीं है “बैलगाड़ी उबर”, “देसी ट्रांसपोर्ट ऐप”, “चूल्हा फूड डिलीवरी”, “ऑर्गेनिक स्मोक थेरेपी”। निवेशक भी खुश, सरकार भी खुश, और जनता… खैर, जनता तो हमेशा खुश रहने के लिए ही बनी है।
अब अगर कोई पूछे कि “पेट्रोल इतना महंगा क्यों हो गया?” तो जवाब सरल है “ताकि हम अपनी संस्कृति से जुड़ सकें।” यह सिर्फ कीमत नहीं, एक संदेश है “धीरे चलो, सादगी से जीओ, और सवाल मत पूछो।”
मीडिया भी इस बदलाव को बड़े गर्व से दिखाएगा “देखिए, कैसे देश आत्मनिर्भर बन रहा है। लोग बैलगाड़ी अपना रहे हैं, चूल्हे पर खाना बना रहे हैं, और खुश हैं।” और अगर कोई दुखी दिखे, तो उसे “नेगेटिव माइंडसेट” का टैग दे दिया जाएगा।
अंत में, हमें इस महान उपलब्धि के लिए धन्यवाद देना चाहिए। क्योंकि हर देश के पास ऐसा विजन नहीं होता, जो उसे भविष्य से उठाकर अतीत में ले जाए वो भी इतनी स्टाइल के साथ।
तो तैयार हो जाइए बैलगाड़ी की सवारी के लिए, चूल्हे की रोटियों के लिए, और उस “अच्छे दिन” के लिए, जो अब पूरी तरह आ चुका है। बस एक ही चीज़ बाकी है पुष्पक विमान। लेकिन चिंता मत करिए, वो भी जल्द ही “पायलट प्रोजेक्ट” के रूप में लॉन्च हो सकता है।
तब तक, पेट्रोल भरवाइए…
अगर जेब इजाज़त दे। वरना बैल तैयार रखिए क्योंकि विकास की गाड़ी अब उसी से चलेगी!







