संवाददाता आगर-मालवाः गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
पर्यावरण के लिए ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ जल उपलब्ध कराना है मंत्री श्री परमार।
मंत्री परमार ने गंगा दशमी पर मोती सागर तालाब पर किया श्रमदान, दिया जल संरक्षण का संदेश।
आगर-मालवा: मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग मंत्री श्री इंदरसिंह परमार ने कहा कि जल जीवन का आधार है। भारतीय संस्कृति में नदियों, तालाबों, कुओं एवं अन्य जल स्रोतों का पूजन किया जाता है। गंगा दशमी जैसे पावन पर्व हमें जल के महत्व एवं उसकी पवित्रता का स्मरण कराते हैं। मंत्री श्री परमार सोमवार को गंगा दशमी के अवसर पर आगर स्थित मोती सागर तालाब पर आयोजित “जल गंगा संवर्धन अभियान” अंतर्गत श्रमदान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने स्वयं श्रमदान कर आमजन को जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमदान किया तथा जल संरक्षण का संकल्प लिया।
मंत्री श्री परमार ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन जल स्रोतों की हम श्रद्धा से पूजा करते हैं, उन्हीं में कचरा एवं गंदगी डालकर उन्हें दूषित भी कर रहे हैं। यह केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ जल उपलब्ध कराना है, तो जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। वर्तमान समय में जल संरक्षण एवं संवर्द्धन सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।
लगातार गिरता भू-जल स्तर गंभीर चिंता का विषय है और इसे ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण के कार्यों को तेज गति से करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल स्रोतों को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मंत्री श्री परमार ने नागरिकों से वर्षा जल संचयन अपनाने, जल का दुरुपयोग रोकने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। मंत्री श्री परमार ने कहा कि पेड़-पौधे वर्षा के जल को धरती में पहुंचाकर भू-जल स्तर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रकृति हमें जो कुछ देती है, उसके संरक्षण का दायित्व भी हमारा ही है। प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए जल, जंगल और जमीन का संरक्षण आवश्यक है।
मंत्री परमार ने कहा कि वर्तमान समय में पानी की आवश्यकता निरंतर बढ़ रही है।
ऐसे में जल संरक्षण एवं संवर्द्धन के कार्यों में व्यापक जनभागीदारी अत्यंत जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने तालाब, कुएं और बावड़ियों के माध्यम से जल संरक्षण की समृद्ध परंपरा विकसित की थी, जिसे पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “जल गंगा संवर्धन अभियान” के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं जनजागरूकता की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है। इस अभियान के माध्यम से समाज में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक चेतना विकसित हो रही है और लोग स्वेच्छा से इस मुहिम से जुड़ रहे हैं।
मंत्री श्री परमार ने आगामी 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलेवासियों से अधिकाधिक पौधारोपण करने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े हुए विषय हैं। यदि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो जल स्रोत भी सुरक्षित रहेंगे और भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ एवं पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने नागरिकों से प्लास्टिक की पॉलीथीन के स्थान पर कपड़े से बने थैलों का उपयोग करने का भी आग्रह किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल, दिनेश परमार, कैलाश कक्का,मयंक राजपूत, भरत प्रजापत कैलाश कुम्भकार, श्री महेश शर्मा, श्रीमती आभा चोपड़ा, श्रीमती संगीता देसाई, श्रीमती मीना स्वर्णकार, श्री योगेश, श्री भूरू टांक, श्री शुभम, श्री गौरव आदि जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव, अपर कलेक्टर श्री आरपी वर्मा, एसडीएम श्री मिलिंद ढ़ोके, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाह, डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई, सीएमओ नगर पालिका श्री डोढ़वे सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या मे नगरवासी उपस्थित रहे।







