संवाददाता आगर-मालवाः गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
ईद-उल-जुहा एवं मोहर्रम पर्व शांति एवं सौहार्द्र के साथ मनाएं – कलेक्टर श्रीमती यादव।
शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाडने वाले असामाजिक तत्वों पर होगी कठोर कार्यवाही।
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न
आगर-मालवा : जिले में आगामी ईद-उल-जुहा एवं मोहर्रम पर्व शांति, सौहार्द्र एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पर्वों के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि आगर-मालवा जिले की पहचान आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता से रही है। सभी नागरिक मिल-जुलकर त्योहार मनाएं तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने समिति सदस्यों से समाज में सकारात्मक संवाद बनाए रखने एवं भ्रामक अफवाहों से दूर रहने का संदेश आमजन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने कहा कि मोहर्रम के ताजिया जुलूस एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए पूर्व अनुमति की प्रक्रिया का पालन किया जाए। जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्वों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता अनुसार पुलिस बल तैनात किया जाए। पेयजल, विद्युत एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी को नगरीय क्षैत्रों को भ्रमण कर झूल हुए विद्युत तारों को व्यवस्थित करवाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विशेष रूप से कहा कि कोई भी नागरिक सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट साझा न करें। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने अथवा शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक पोस्ट की जानकारी तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी ने कहा कि पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि असामाजिक गतिविधियों एवं शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री आरपी वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविंद्र कुमार बोयट, एसडीएम आगर श्री मिलिंद ढोके, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाहा, थाना प्रभारी आगर श्रीमती शशि उपाध्याय, यातायात थाना प्रभारी श्री जगदीश यादव, शांति समिति के सदस्य नगर पालिका अध्यक्ष श्री निलेश जैन पटेल, श्री भेरूसिंह चौहान, श्री जितेन्द्र माली, श्री वसीउद्दीन काजी, श्री दुलेसिंह गौड़, श्री आमिर खान, सना उल्लाखान, श्री अजय झंजी, सहित अन्य उपस्थित रहे।






