दिनेश भट्ट, अल्मोड़ा
(नया अध्याय, देहरादून)
अल्मोड़ा से देहरादून तक निकलेगी “दीप सम्मान यात्रा
अल्मोड़ा: आज 27 म ई विरासत हमर अल्माड़ा के नेतृत्व में कल दिनांक 28 मई को सायं 4 बजे स्थानीय जाखनदेवी स्थित स्वर्गीय गोविंद सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक (1957) जनसंघ, के आवास से “दीप सम्मान यात्रा” का आयोजन किया जाएगा।
यात्रा संयोजक राजीव गुरुरानी ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा का शुभारंभ स्वर्गीय गोविंद सिंह बिष्ट के आवास से दीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा। यह यात्रा जनसंघ के दूसरे विधायक स्वर्गीय रामचंद्र जोशी के आवास होते हुए देहरादून के लिए प्रस्थान करेगी।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई तथा 1952 में पहला आम चुनाव संपन्न हुआ। वर्ष 1957 में जनसंघ से स्वर्गीय गोविंद सिंह बिष्ट पश्चिम उत्तर प्रदेश से पार्टी के प्रथम विधायक निर्वाचित हुए थे। उन्होंने “दीपक” चुनाव चिन्ह के माध्यम से संगठन की वैचारिक ज्योति को प्रज्वलित किया और जनसंघ के प्रथम विधायक के रूप में इतिहास रचा। अल्मोड़ा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने एवं जनसंघ की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
राजीव गुरुरानी ने कहा कि अल्मोड़ा की धरती पर जलाया गया वह पहला “दीप” आज भी संगठन और विचारधारा की प्रेरणा का प्रतीक है। इसी ऐतिहासिक विरासत को स्मरण करते हुए स्वर्गीय गोविंद सिंह बिष्ट के आवास से दीप प्रज्वलित कर यात्रा देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचेगी। वहां यह दीप भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भेंट किया जाएगा तथा अल्मोड़ा की सांस्कृतिक विरासत एवं ऐतिहासिक धरोहर के संबंध में सम्मान पत्र भी प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने अल्मोड़ा के समस्त व्यापारियों, नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर यात्रा को सफल बनाने की अपील की।
साथ ही सभी नागरिकों से निवेदन किया गया है कि कल सायं 4 बजे स्वर्गीय गोविंद सिंह बिष्ट के आवास पर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करे।








