ब्यूरो कुमाऊं: दयानन्द कठैत
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
गरगड़ी-कालाआगर मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का मंत्री कैड़ा ने किया शुभारंभ।
भीमताल: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक के ईलाईजर, गरगड़ी, कालाआगर मोटर मार्ग पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस कार्य के लिए शासन से 78 लाख रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। बताया गया कि ईलाइजर से गरगड़ी-कालाआगर मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सड़क के डामरीकरण की मांग केबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखी गई थी। जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन स्तर पर 78 लाख रुपए की स्वीकृति मिलने पर सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का मार्ग प्रशस्त हुआ।
इस अवसर पर मंत्री कैड़ा कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधार एवं डामरीकरण का कार्य सुचारू रूप से कराया जा रहा है। क्षेत्र के विकास और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क समेत विभिन्न जनसमस्याएं उनके सम्मुख रखीं। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का ढोल नगाड़े और फूल मालाओं के साथ स्वागत किया तथा सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति के लिए उनका आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि सड़क के डामरीकरण होने से आवागमन सुगम होगा और जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।







