दिनेश भट्ट अल्मोड़ा उत्तराखंड
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
ग्राम प्रधान संगठन ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, पंचायतों को अधिक अधिकार और संसाधन देने की मांग।
अल्मोड़ा: ग्राम प्रधान संगठन, विकासखंड हवालबाग ने पंचायतों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। अल्मोड़ा में आयोजित खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि पंचायत चुनाव संपन्न हुए लगभग दस माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उप-प्रधानों का चुनाव नहीं हो पाया है। संगठन के अनुसार उप-प्रधानों के निर्वाचन के अभाव में पंचायतें पूर्ण रूप से कार्यशील नहीं हो पा रही हैं। इसलिए उप-प्रधानों के चुनाव शीघ्र कराए जाने की मांग की गई है। ग्राम प्रधान संगठन ने राज्य वित्त से मिलने वाली धनराशि में कंटिजेंसी मद की कटौती पर भी आपत्ति जताई। संगठन का कहना है कि इसी राशि से प्रधानों और उप-प्रधानों के मानदेय का भुगतान किया जा रहा है, जिससे पंचायतों के नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन में पंचायत निधियों पर प्राप्त ब्याज के उपयोग का अधिकार ग्राम पंचायतों को दिए जाने तथा मानदेय की अलग व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई गई। संगठन ने ग्राम प्रधानों का मानदेय बढ़ाकर न्यूनतम 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने की भी मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम प्रधान विकास कार्यों के संचालन, जनसमस्याओं के समाधान, आपदा प्रबंधन और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में लगातार सक्रिय रहते हैं, जबकि वर्तमान मानदेय उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप नहीं है। इसके अलावा वीबी-जीरामजी योजना की गाइडलाइन को उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप संशोधित करने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि वर्तमान मानक पहाड़ी क्षेत्रों की आवश्यकताओं से मेल नहीं खाते, जिससे विकास कार्यों की प्रभावशीलता प्रभावित होती है। ज्ञापन में पंचायती राज अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए ग्राम पंचायतों को अधिक वित्तीय, प्रशासनिक और विकासात्मक अधिकार दिए जाने की भी मांग की गई। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर पंचायत व्यवस्था को अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कदम उठाएगी।
यहाँ ज्ञापन देने वालों में संगठन अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल, महामंत्री विनोद जोशी, उपाध्यक्ष सुंदर मटियानी, चंद्रिका तिवारी, देवेंद्र मेहरा आदि मौजूद रहे।








