संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
नई किरण केंद्र की पहल से दो परिवारों में हुआ समझौता
कन्नौज: महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र (नई किरण) में शुक्रवार को वैवाहिक विवादों के समाधान के लिए सुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में निरीक्षक रंजना पांडेय, उपनिरीक्षक गीता पाठक, महिला आरक्षी सीमा यादव तथा महिला आरक्षी अनामिका यादव की उपस्थिति में दोनों पक्षों की बात सुनी गई और आपसी मतभेद दूर कराने का प्रयास किया गया।
परामर्श केंद्र की मध्यस्थता के दौरान दो परिवारों के मामलों में सकारात्मक परिणाम सामने आए। सुनवाई और समझाइश के बाद पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव को दूर कर दोनों पक्षों को समझौते के लिए तैयार किया गया। इसके बाद दोनों दंपति साथ रहने पर सहमत हो गए और खुशी-खुशी अपने घर लौट गए।
परिवार परामर्श केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को संवाद और आपसी सहमति के माध्यम से सुलझाना है, जिससे परिवार टूटने से बच सकें। केंद्र नियमित रूप से ऐसे मामलों की सुनवाई कर दंपतियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कराने का प्रयास करता है।
पुलिस विभाग के अनुसार, परिवार परामर्श केंद्र (नई किरण) बिखरते परिवारों को फिर से जोड़ने और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। केंद्र की इस पहल से कई परिवारों को नया जीवन और रिश्तों को सुधारने का अवसर मिल रहा है।






