संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
शुक्रवार परेड में एसपी ने परखा पुलिस बल का अनुशासन, फिटनेस पर दिया जोर।
कन्नौज: पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी लेकर पुलिसकर्मियों के अनुशासन, कार्यकुशलता और शारीरिक क्षमता का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद एसपी ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ लगवाई। परेड में एकरूपता और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल कराई गई। ड्रिल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने प्रभारी पुलिस लाइन को इसे और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों से शस्त्र अभ्यास भी कराया गया।
पुलिस अधीक्षक ने इसके बाद परिवहन शाखा का निरीक्षण कर वाहनों की स्थिति और रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस लाइन स्थित विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जीडी कार्यालय, क्वार्टर गार्ड, पुलिस कैंटीन, शस्त्रागार, बैरक, स्टोर रूम, भोजनालय, लॉन टेनिस ग्राउंड, कंट्रोल रूम, आरओआईपी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम तथा यूपी-112 कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। एसपी ने साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा कार्यालयों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी तिर्वा/लाइन, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस विभाग के अनुसार नियमित शुक्रवार परेड का उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और तत्परता बनाए रखना है।







