संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
पैदल गश्त कर एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, दिए आवश्यक निर्देश।
कन्नौजः जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार ने बुधवार को थाना कोतवाली कन्नौज क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर/तिर्वा कुलवीर सिंह तथा कोतवाली पुलिस बल भी मौजूद रहा।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके।
पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया कि अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पैदल गश्त के माध्यम से न केवल सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन किया गया, बल्कि लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास किया गया। क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता से आमजन में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया।







