सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री व अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख:
“चिंतन से समाधान, बहस से नहीं !”
– सुश्री सरोज कंसारी
==================================
बहस नहीं रे मानव! जीवन में थोड़ा चिंतन-मनन करना,
चिंता की गहरी खाइयों से, कभी भूलकर भी मत डरना।
मन में सदा एक नई उमंग व जिज्ञासा को जगाए रखना,
चिंता नहीं तुझे उत्सुकता हो, बस यही तुम बनाए रखना।
सभ्यता का वृक्ष तब तक हरा रहता है जब तक उसकी जड़ों में सहनशीलता का जल और तने में चिंतन की धूप पड़ती रहे। बहस की आंधी इस वृक्ष को हिला तो सकती है, पर नया पत्ता नहीं उगा सकती। समाधान जन्म लेता है मौन के गर्भ से, जहाँ विचारों का मंथन होता है और विवेक का अमृत निकलता है। जिस समाज में हर मतभेद तलवार की धार पर तौला जाए, वहाँ संवाद की जगह संघर्ष पनपता है और रिश्ते शब्दों के बोझ तले दब जाते हैं।
समय की नदी निरंतर बहती है। उसके दो किनारे हैं: एक परंपरा का, दूसरा आधुनिकता का। यदि हम एक किनारे को छोड़ दूसरे से चिपके रहें, तो धारा के बीच संतुलन खो बैठेंगे। पीढ़ियों का अंतर शाश्वत सत्य है, पर उसे खाई नहीं, सेतु बनाना ही बुद्धिमत्ता है। पुरखों का अनुभव दीपक है और युवाओं का जोश हवा। दीपक बिना हवा के बुझ जाता है, और हवा बिना दीपक के दिशा भूल जाती है। दोनों का संगम ही वह प्रकाश रचता है जिसमें भविष्य का पथ स्पष्ट दिखता है।
किसी भी मुद्दे पर बहस केवल समस्या के काँटे बोती है, समाधान का पुष्प तो चिंतन की उर्वर भूमि में ही खिलता है। शांत चित्त से किए गए सात्विक विमर्श से ही श्रेष्ठ परिणामों का सृजन होता है। आज मनुष्य की मानसिकता उग्रता की ओर उन्मुख है। समझने से पहले तीखा व्यंग्य, आक्रामक रवैया और उत्तेजित भाव हमारे अव्यावहारिक आचरण के साक्षी बन गए हैं। जबकि सत्य यह है कि प्रत्येक हृदय में सकारात्मक ऊर्जा का अक्षय कोष छिपा है। मनुष्य मात्र से प्रत्येक व्यक्ति श्रेष्ठ व्यक्तित्व का स्वामी है। कोई किसी से न्यून नहीं। आवश्यकता केवल उस सुप्त क्षमता को पहचानने की है, और समय पर कर्म को संकल्प से सिद्ध करने की है।
हमारे कर्णपटलों पर बुजुर्गों का यह कथन अक्सर गूँजता है: “पहले का जमाना कुछ और था, आज वो बात कहाँ?” सुंदर विचार, संयमित जीवनशैली, परंपराओं का आदर और वेश-भूषा में सभ्यता की झलक तब सहज ही दिख जाती थी। आज के परिवेश में कई बार साँस घुटती सी लगती है। मन चाहता है कि काश, आज की पीढ़ी उस प्रथा को पुनर्जीवित करे जिसमें जीने का सच्चा आनंद समाहित था।
जब युवा पीढ़ी को प्राचीन रीति-रिवाजों से परिचित कराया जाता है, तो उत्तर मिलता है: समय बदल गया, यह वैज्ञानिक युग है। दुनिया कहाँ से कहाँ पहुँच गई, और आप उसी पुराने ढर्रे का स्मरण कर रहे हैं। हमारे पास सुख-सुविधा, भोग-विलास और मनोरंजन के पर्याप्त साधन हैं, तो हम पुरानी परंपरा का अनुसरण क्यों करें?
देखा जाए तो दोनों पीढ़ियाँ अपने-अपने धरातल पर सही हैं। मनुष्य स्वभाव से ही माहौल के अनुकूल ढलता है। दिक्कत तब उत्पन्न होती है जब हम एक-दूसरे की संस्कृति से अपरिचित रह जाते हैं। आज का युवा अपने ढंग से जीवन जीता है जिसमें आधुनिकता का रंग गहरा है। सोशल मीडिया का प्रभाव घर के बड़े-बुजुर्गों को अक्सर खटकता है। सुबह देर से उठना, बिना स्नान-पूजा के रसोई में प्रवेश, बड़ों से पूछे बिना होटल में भोजन, देर रात तक बाहर रहना, मर्यादित वस्त्रों की उपेक्षा, दिनभर मोबाइल में लीन रहना, बीमार की सेवा में उदासीनता, ऊँची आवाज़ में संवाद और पारिवारिक दायित्वों से विमुखता, ये सब बातें बुजुर्गों को व्यथित करती हैं। उन्हें लगता है आधुनिकता की दौड़ में हम अपनी जड़ों से कट रहे हैं। दूसरी ओर पढ़े-लिखे बेटे-बहू, नाती-पोतों को हस्तक्षेप अनुचित लगता है। उन्हें अपना मार्ग सही प्रतीत होता है और बड़ों की उपेक्षा से घर के मुखिया का मन टूटता है। जब अपने ही सम्मान नहीं देते, परामर्श नहीं लेते, तब वे पुराने समय को स्मरण कर दुखी हो जाते हैं।
आज की युवा और पुरातन पीढ़ी में समभाव स्थापित करने हेतु एक ही विकल्प है: प्राचीन परंपरा और आधुनिकता का समन्वय कर हम नया इतिहास रचें। विलुप्त होती सभ्यता को पुनर्जीवित करना हमारा दायित्व है। पुरातन रीति-रिवाज आने वाली पीढ़ी के लिए पथ-प्रदर्शक हैं, जिनसे मर्यादित जीवनशैली का बोध होता है। अव्यावहारिक होते बच्चों और दिग्भ्रमित युवाओं के लिए बुजुर्गों के अनुभवसिद्ध नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।
आधुनिकता को अपने ऊपर हावी न होने दें, पर तकनीकी ज्ञान को अवश्य आत्मसात करें क्योंकि यह समय की माँग है। नित नवीन वैज्ञानिक आविष्कारों से परिचित रहें, ज्ञान का विस्तार करें। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हुए उसका दुरुपयोग नहीं, सदुपयोग करें। प्राचीन संस्कृति की नींव पर नवीनता का भवन खड़ा करें। आने वाली पीढ़ी के लिए संस्कारक्षम वातावरण का निर्माण करें, जिससे दोनों पीढ़ियों में मतभेद नहीं, संवाद रहे।
आधुनिक और पुरातन परंपरा के सुंदर निर्वहन से विकास के नए आयाम गढ़ें, जहाँ सबको लाभ मिले और संतुष्टि भी। जीवन की दौड़ में कोई पीछे न छूटे, और कोई इतना आगे न निकल जाए कि पथ से भटक जाए। संतुलित जीवन और सहज मार्ग का आविष्कार हम सब मिलकर करें। ताकि पुरानी परंपरा की डोर हाथ से छूटे नहीं, और आधुनिकता किसी के लिए हानिकारक न बने। दोनों के संयोग से हम एक सुखद, समृद्ध भविष्य का निर्माण करें।
समझ लीजिए, जीवन न तो केवल स्मृतियों का संग्रहालय है और न ही केवल आविष्कारों की प्रयोगशाला। यह वह पवित्र संगम है जहाँ बीते कल की सीख और आने वाले कल का स्वप्न एक साथ बहते हैं। यदि परंपरा की मिट्टी में आधुनिकता का बीज बोएँगे, तो संस्कारों की सुगंध और प्रगति के फल, दोनों एक ही वृक्ष पर लगेंगे। आओ, हम बहस के शोर को त्याग कर चिंतन का संगीत रचें। मतभेदों को मनभेद न बनने दें, बल्कि विविधता को एकता का आभूषण बनाएँ। तभी हमारा घर आँगन भी मंदिर होगा और हमारा भविष्य भी उत्सव।







