राजेंद्र रंजन गायकवाड़
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
शाह- गरीब- नबाब
(कविता)
किसी को किसी की कीमत का पता नहीं,
यहाँ तक कि खुद को भी
खुद की कीमत का पता नहीं।
फिर भी हरेक को आज
अपनी कीमत हर हाल में चाहिए।
विडंबना है कि कोई
किसी की क्या कीमत लगा सकता है?
सब एक साथ कहेंगे नहीं!
अफसोस है कि इसके बावजूद,
आठों पहर, हर पल, हर जगह, हर शख्स
अपना-अपना टैग दिखाता फिरता है।
कभी मीठी-मीठी बातों से, रिश्तों नातों से,
कभी जज्बातों से, कभी हंसी-खयालातों से,
कभी सौगातों से लगा देता है
आदमी की कीमत,
और आदमी हो जाता है “वस्तु”।
यह आदमी-नुमा वस्तु
जब हाट-बाजार में बिकती नहीं,
तो रोता है आदमी कि
“काश ! कोई आए और
इस अदद-वस्तु की कीमत लगाए
कहीं कुर्सी बिकती है तो
कहीं सहर्ष बिकते हैं नेता।
कभी कहीं गुलाम बिकते थे,
आज बिकते हैं शाह-गरीब-नबाब।







