सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख:
“प्रकृति की गोद में योग स्वस्थ जीवन की कला है”
— सुश्री सरोज कंसारी
────────────────────────
मानव रे योग अपना ले,
आधुनिकता की दौड़ में,
योग बना लें संजीवनी,
यह स्वस्थ रखेगा तुझे।
भोर की पहली किरण जब पेड़ों के पत्तों से छनकर आती है, जब ठंडी हवा तन को छूती है, तब प्रकृति हमें पुकारती है — “रुक, कुछ क्षण मेरे संग बिता लें”। योग वही सेतु है जो हमें वापस अपनी जड़ों से, अपनी प्रकृति से जोड़ता है। यह कोई व्यायाम भर नहीं, बल्कि स्वयं से मिलने की यात्रा है। जहाँ हर साँस उम्मीद बनती है और हर आसन नया विश्वास जगाता है।
योग इम्यूनिटी बढ़ाने का प्राकृतिक माध्यम है। नियमित योग से अनेक रोग दूर रहते हैं। प्रकृति की गोद में मनुष्य के सर्वांगीण विकास के सभी साधन उपलब्ध हैं। यहीं से हमें शारीरिक, मानसिक और आत्मिक सुख मिलता है, वह भी निःशुल्क। प्रकृति सचमुच अनमोल रत्नों की खान है। उसकी सुंदरता और सान्निध्य हमें सहज ही आकर्षित करते हैं। प्रकृति का हर तत्व अपने स्थान पर अटल है और समय के अनुसार अपना कार्य करता है। बिना थके वह हमें जीवन के लिए आवश्यक सब कुछ समर्पित करती है।
ऊंचे पर्वत और पहाड़ महान साधु-संतों, ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहे हैं। उनके सान्निध्य में त्याग, तपस्या और ध्यान से सिद्धियां प्राप्त हुई हैं। निर्मल नदियां हमारी अतृप्त आत्मा को तृप्त करती हैं। जंगल-झाड़ियों से हमें शुद्ध हवा, फल-फूल, औषधि, लकड़ी और छाया मिलती है। चाँद शीतलता देता है और सूर्य रोशनी। धरती माता सभी प्राणियों का भार वहन कर हम पर अनंत उपकार करती है। बुजुर्ग कहते हैं — प्रकृति के सान्निध्य में जो मानसिक ऊर्जा मिलती है, वह और कहीं नहीं मिलती।
जन्म से लेकर मृत्यु तक हर क्रिया में प्रकृति हमारे साथ रहती है। पर हम क्या करते हैं? अपने स्वार्थ में डूबकर उसका दोहन करते हैं। आधुनिकता की दौड़ में खुले आसमान में रहने के बजाय कूलर, पंखे, ए.सी. में रहकर शरीर में आलस भर लेते हैं। फिर शुद्ध हवा कहाँ से मिलेगी? हम स्वयं ही पर्यावरण को प्रदूषित करते हैं। प्राकृतिक भोजन छोड़कर मैगी, पिज्जा, बर्गर, चाउमीन खाते हैं। जड़ी-बूटियों के स्थान पर रसायनयुक्त गोलियां, दवाइयां और इंजेक्शन लेते हैं, जिससे शरीर को नुकसान होता है। दिनभर की भागदौड़ के बाद ध्यान, चिंतन-मनन के लिए समय नहीं निकाल पाते। परिणामस्वरूप आज हर व्यक्ति किसी न किसी शारीरिक या मानसिक बीमारी से ग्रस्त है और कई लोग असमय मृत्यु का शिकार हो जाते हैं।
जब से हमने प्रकृति के महत्व को नकारा है, तब से शांति कहीं नहीं है। हर कोई किसी न किसी पीड़ा से ग्रस्त है। इसके विपरीत, जो लोग नियमित दिनचर्या रखते हैं और प्रकृति के अनुकूल आचरण करते हैं, वे आज के माहौल में भी स्वस्थ और प्रसन्न हैं। उन्हें दवाओं की आवश्यकता नहीं पड़ती।
ईश्वर ने मनुष्य की रचना बहुत सुनियोजित ढंग से की है। उसमें असीम धैर्य, साहस, बल और बुद्धि समाहित है। लेकिन सूझबूझ की कमी और आधुनिकता की अंधी दौड़ के कारण हम मानसिक तनाव से ग्रसित हो जाते हैं। सब कुछ होने पर भी यदि स्वस्थ शरीर नहीं है, तो भौतिक वस्तुएं व्यर्थ हैं। जब मन एकाग्र नहीं होता और शरीर कष्ट में होता है, तो छप्पन भोग भी अच्छे नहीं लगते। हम जीवनभर धन कमाने के लिए भागते हैं, पर जब उपभोग का समय आता है तो शरीर साथ नहीं देता। क्योंकि हम मशीन की तरह काम तो करते हैं, पर शरीर को नई ऊर्जा देने वाले नियमों की अनदेखी कर देते हैं।
शरीर को सुचारु रूप से चलाने के लिए नियमित खानपान, स्वच्छता, आध्यात्म, सात्विक विचार, संस्कार और शुद्ध आचरण अति आवश्यक हैं, जिनका पालन हम अक्सर नहीं कर पाते।
आज गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, जनसंख्या वृद्धि, प्रतिस्पर्धा और प्रदूषित वातावरण में जीवन कठिन हो गया है। सबसे बड़ी आवश्यकता है — स्वस्थ शरीर, एकाग्र मन और कुछ पल की शांति, जिसकी तलाश लगभग सभी को है। इसलिए हमें पुनः प्रकृति की ओर लौटना होगा। उसके मनोरम वातावरण में सुखद कल्पनाओं को साकार कर प्राकृतिक जीवन अपनाना होगा।
दौड़ती-भागती जिंदगी में अपने लिए समय निकालना कठिन है, पर खुद को स्वस्थ रखना हमारी जिम्मेदारी है। नियमित योग, व्यायाम और ध्यान से मन व्यवस्थित और शरीर सक्रिय रहता है। कई बीमारियों का इलाज स्वयं ही हो जाता है। जरूरत है सच्चे और शुद्ध मन से योग को दैनिक क्रियाकलापों में शामिल करने की। योग समस्त सुखों का केंद्र बिंदु है।
योग का अर्थ है ‘जोड़ना’ — आत्मा का परमात्मा से मिलन। योग एक आंतरिक शक्ति है, जिसका संबंध अभ्यास और सेहत से है। यह एक अनुशासन है जिससे आत्म-शक्ति का विकास होता है। योग के मुख्य प्रकार हैं — राजयोग, कर्मयोग, ज्ञानयोग और भक्तियोग। अष्टांग योग के अभ्यास से हम नई ऊर्जा और स्फूर्ति प्राप्त कर सकते हैं। अष्टांग योग के आठ अंग हैं: यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि।
प्राणायाम अर्थात् जीवन-शक्ति को मजबूत करना। श्वास का विस्तार ही प्राणायाम है। इसके प्रमुख प्रकार हैं — भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, शीतली, सीत्कारी और उज्जायी।
भस्त्रिका प्राणायाम: सुखासन में बैठकर नाक से लंबी गहरी सांस फेफड़ों में भरें और फिर पूरी शक्ति से छोड़ें। यह प्रक्रिया अपनी क्षमता के अनुसार करें। इससे हृदय सशक्त बनता है, फेफड़े मजबूत होते हैं और लकवा जैसे रोगों में लाभ मिलता है।
• कपालभाति: वज्रासन या सुखासन में बैठकर सांस छोड़ते समय पेट को अंदर की ओर खींचें। सांस लेने की क्रिया सहज रखें। यह प्रक्रिया तेजी से करें। नियमित अभ्यास से चेहरे पर चमक आती है और पेट संबंधी सभी विकार दूर होते हैं। रोज पांच मिनट करें।
• अनुलोम-विलोम: सुखासन में बैठें। दाएं नथुने को अंगूठे से बंद कर बाएं से लंबी सांस लें। फिर बाएं नथुने को बंद कर दाएं से सांस छोड़ें। यही क्रम 10 मिनट तक दोहराएं। इससे नाड़ियां शुद्ध होती हैं, हार्ट की ब्लॉकेज खुलती है, रक्तचाप नियंत्रित रहता है और स्मरण-शक्ति बढ़ती है।

• भ्रामरी प्राणायाम:
पद्मासन में बैठकर दोनों अंगूठों से कान बंद करें। तर्जनी उंगलियों को आंखों पर और बाकी उंगलियों को माथे पर रखें। लंबी सांस लेकर भौंरे जैसी ‘म्…’ की गूंज निकालें। इससे माइग्रेन, डिप्रेशन और मस्तिष्क संबंधी रोग दूर होते हैं, मन शांत होता है और एकाग्रता बढ़ती है।
कुछ सरल आसन जो हम आसानी से कर सकते हैं: गोमुखासन, वृक्षासन, वज्रासन, शवासन, अर्धभुजंगासन, ताड़ासन और सुखासन। योग के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं। घर पर नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ रखा जा सकता है। आज सोशल मीडिया पर योग की सहज जानकारी उपलब्ध है।
इसके अलावा कुछ सरल क्रियाएं: पेट के बल सीधे लेटना, पंजों के बल खड़े होना, चिन्मुद्रा में बैठना, दोनों हाथ ऊपर जोड़कर खड़े होना, आंखें बंद कर मुट्ठी बांधकर हाथ घुमाना, उंगलियों से मस्तिष्क को सहलाना, चेहरे पर हाथ फेरना, पैर के अंगूठे को ऊपर-नीचे करना, नियमित टहलना, मनपसंद पर्यटन स्थल पर जाना और मधुर संगीत सुनना।
योग के लाभों को सूचीबद्ध करना संभव नहीं। इससे मन एकाग्र होता है, क्रोध और तनाव दूर होता है, वजन नियंत्रित रहता है, मानसिक शांति मिलती है, रक्त संचार बेहतर होता है, सहनशक्ति और पाचन-शक्ति बढ़ती है। आत्मविश्वास बढ़ता है, बी.पी. और शुगर नियंत्रित रहते हैं। योग एक कला है जिससे जीवन में निखार आता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
योग एक दिन की प्रक्रिया नहीं है। नियमित अभ्यास से शरीर और मन पूरी तरह सक्रिय हो जाते हैं। योग प्राचीन काल से चला आ रहा है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन होता है। अनावश्यक तनाव पालकर आज लोग अवसाद से घिर जाते हैं, जो उचित नहीं। छोटी-छोटी योग क्रियाओं, व्यायाम और ध्यान से हम खुद को मजबूत बना सकते हैं। यह हमारी अपनी जिम्मेदारी है।
भारत तपोभूमि है। यहां की संस्कृति महान है, जहां हर कदम पर भाईचारा, एकता और सौहार्द का समन्वय दिखता है। आज डॉक्टर भी नियमित योग की सलाह देते हैं क्योंकि इससे इम्यूनिटी बढ़ती है। कोरोना जैसी भयंकर महामारी में योग ही रामबाण साबित हुआ।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। आइए, हम सभी नियमित योग का संकल्प लें और अपने आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें। कुछ पल प्रकृति की गोद में बैठें, मन के कुविचार त्यागकर संयमित जीवन जिएं और मस्तिष्क को शांत रखें। अमूल्य जीवन को यूं ही नष्ट न करें। स्वस्थ और व्यवस्थित रहने के नियमों का पालन करें और सदैव प्रसन्नचित्त रहें। निष्क्रिय न रहें, कार्य में व्यस्त रहें और अपने माहौल को खुशनुमा बनाएं। योग ही जीवन का श्रृंगार है। योग से सभी रोग दूर होते हैं। प्रतिदिन योग करें और स्वस्थ रहना। निरंतर याद रखिएगा – परिवर्तन छोटी शुरुआत से ही आता है। प्रतिदिन केवल 15 मिनट भी यदि आप खुली हवा में, पेड़ के नीचे या छत पर बैठकर गहरी साँस लें। और एक-दो आसन कर लें, तो एक महीने में अंतर स्वयं महसूस करेंगे।







