सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका,
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, छ.ग.
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख:
हर लम्हे को ऐसे जियो, जैसे वह आख़िरी हो !
सुश्री सरोज कंसारी
”हर बहते हुए लम्हे को खुलकर जीना ही सच्ची समझदारी है।”
==================================
जिंदगी में वक्त सीमित है,
पर साँसें अभी गतिमान हैं।
खुलकर जियो इस सफर को—
नित्य, बहते प्रत्येक क्षण में।”
ज़िंदगी अभी बाक़ी है, किंतु हमारे पास समय बहुत कम है। यह ज़िंदगी सिर्फ़ एक ही बार मिलती है। हमें न जलना है, न डरना है, न रुकना है और न ही झुकना है; बल्कि इस पल को पूरी तरह से जीना है। कल जो हुआ सो हुआ, उसे भूलकर आज को जीना सीखें। ‘मेरे साथ ही ऐसा क्यों हुआ’ यह सोचने के बजाय यह कहें कि ‘दुनिया में ऐसा होता ही क्यों है।’खुद को हर दिन बेहतर बनाएँ। खुद से बातें करें, खुद से प्यार करें और अपनी सेहत का ख़्याल रखें, क्योंकि यह दुनिया बहुत निष्ठुर है।
जीवन और मृत्यु के बीच के समय को मोहब्बत बना लो…जीवन और मृत्यु के बीच उलझे मनुष्य को यह समझना आवश्यक है कि यह तन मिट्टी का है, एक दिन मिट्टी में मिल जाना है। यह जीवन क्षणिक है। इसे सार्थक करने के लिए हमें वर्तमान में जीना चाहिए और हर पल का पूरा आनंद लेना चाहिए। जो पल हमारे पास है, उसे मोहब्बत से गुज़ार लें। जीवन का सबसे खास पल वही होता है जिसे हम प्रेम से जीते हैं। मोहब्बत का एहसास हर मनुष्य की आवश्यकता है। प्रेम व्यक्तित्व के विकास, चरित्र के निर्माण और मानवीय गुणों के विस्तार के लिए ज़रूरी है। प्रेम से बढ़कर इस जीवन में कुछ नहीं। बचपन से लेकर बुढ़ापे तक हमारी बहुत सी इच्छाएँ होती हैं, जो कभी खत्म नहीं होतीं। यही वजह है कि मनुष्य का मन जीवन के सफर में भटकता रहता है। मोहब्बत के साथ जीवन जीने से हर पल यादगार बन जाता है। प्रेमपूर्ण हृदय को कभी थकान नहीं होती।
हो सके तो एक-दूसरे को बेहद मोहब्बत दीजिए। यह मनुष्य को मनुष्य बने रहने में सहयोग करती है। इस जीवन का एक दिन अंत होगा, तो जब तक हैं हम करुणा, दया, सेवा, सहयोग और क्षमा देते रहें। जीवन में कोई भी मोड़ हो, सोच सकारात्मक रखिए। धूप-छाँव सी होती है ज़िंदगी की कहानी, जो बनती है तो कभी बिगड़ती भी है। हमें बस अपनी धुन में जीना है, मुस्कुराना है। जीवन में एक ही चीज़ स्थायी है: रूह की गहराई से किया गया प्रेम, जो कभी नहीं मिटता। जीवन के साथ प्रेम और भी खूबसूरत हो जाता है। हर तरह की दुर्भावना, मोह-माया, काम, क्रोध और भोग-विलास का अंत कर शांत और पवित्र रहिए। नफरत में जीना अपने जीवन को जीते जी जंग लगाने के समान है। हर तनाव भूलकर इस पल के हो जाइए।
अंत तो होना ही है, तो क्यों न हर शुरुआत बेहद रोमांचक और अद्भुत हो? इस क्षण को यादगार बनाइए। आपका स्वभाव ही इस जीवन को आनंदित या कष्टप्रद बनाने में सहायक है। खुद को सुधार लो, संभाल लो, सब यूँ ही ठीक हो जाएगा। दूसरे जैसे हैं उन्हें रहने दीजिए, बस हम अपना हर कर्म सही करें। मोहब्बत जीवन का सार है। यह समस्त संसार को जोड़ने और दिलों पर राज करने का एक मजबूत माध्यम है। सृष्टि के हर कण को प्रेम से देखिए और अपने दर्द को समेटकर रखिए, उसका ज़्यादा बखान मत कीजिए। अपनी भावनाओं का तमाशा मत बनने दीजिए। खुद का ख्याल भी रखिए, दुनिया की भीड़ में खो मत जाइए। आप क्या हैं, यह भी याद रखिए। प्रेम को अपने हर कर्म, मन और वचन में शामिल कीजिए। प्रेम हर ज़ख्म को भर देता है। परेशान मन की राहत प्रेम है।
समय कम है, इसे सिर्फ जीना शुरू कीजिए। किसने क्या किया, यह याद मत रखिए। आप हर पल को कितना खुलकर जी पाए, यह महत्वपूर्ण है। अमीर और गरीब नहीं, यह जीवन बस तब तक है जब तक ज़िंदगी की गाड़ी चल रही है। आप अपने लिए अनमोल हैं। जितना भी जोड़ लीजिए, घमंड कीजिए, कुछ भी हाथ नहीं आएगा। इसलिए विनम्र रहिए, झुक जाइए। टूटा है दिल तो जोड़ लीजिए। साँस छूटने के बाद किसी से मिलने का मौका दोबारा नहीं मिलेगा। साँसों के चलते हम एक-दूसरे के बनकर रहें।
सांसारिक नियम, बंधन, रीति-रिवाज़, जाति-धर्म और मज़हब की दीवारें गिर जाती हैं जब मौत का बुलावा आता है। हम खामोश होकर इस जहाँ से चले जाते हैं। पद, पैसा, जोश, जवानी, अपनों का साथ—सब एक दिन छूट जाना है। जो वक्त हमें कुदरत से मिला है, वही जीवन में सबसे खास है। कोई भी मौत को टाल नहीं सकता, लेकिन ज़िंदगी को आनंदित बनाना संभव है। इस समय को हम अपनी पसंद से जी सकते हैं।
अब आपस में झगड़ना, बहस, विवाद, बैर, दुश्मनी बंद कीजिए। बस मोहब्बत दिल से निभाइए। हर किसी के लिए वफादार रहिए। जन्म और मृत्यु के बीच के इस समय को बेवजह चिंता में मत गुज़ारिए। मोहब्बत से जीना हर पल को, यह एक कला है। खुद से बेहद प्यार कीजिए, तभी आप दूसरों को जीना सिखा पाएंगे। सांसारिक जीवन रिश्तों की डोर है। उसे कसकर पकड़ने की नहीं, मोहब्बत से जोड़े रखने की ज़रूरत है। जिनसे भी मिलें, दिल से मिलें। रिश्ते को निभाने की पहली शर्त निस्वार्थ प्रेम देना है। अपने हर कर्म को प्रेम से कीजिए। किसी बात का बोझ लेकर कोई काम सफल नहीं होता। जीवन आज है, कल हम कहीं और होंगे। पर हमारे द्वारा किया गया व्यवहार सदैव याद बनकर रह जाएगा—किसी के दिल-दिमाग में, आँसू-दर्द में और मुस्कान में। इसलिए किसी के साथ गलत मत कीजिए। जाना तो है, अच्छा देकर जाइए।
मोहब्बत कीजिए अपने हर पल से, इस अवसर से, मित्रों से, अपनी ख्वाहिश से। जो सुकून दे, वही तो प्रेम है। नफरत का जीवन में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। दिल में मोहब्बत का होना ज़रूरी है, नहीं तो हर पल बोझिल हो जाएगा। कड़वाहट मत रखिए किसी के लिए। पछतावा न हो, यह सोचकर कोई भी फैसला कीजिए। बीते पल से सबक लीजिए। बस जो दिल कहे, उसे करते रहिए। ज़िंदगी में किसी खुशी को पाने के लिए इंतज़ार मत कीजिए, उसके लिए आज ही कोशिश कीजिए। सच्चा प्यार कभी व्यर्थ नहीं होता। यह रूह का स्पर्श है, कभी खत्म नहीं होगा। जीवन कितने दिन का है, नहीं जानते। इसलिए हर इंसान से प्रेम कीजिए। मोहब्बत बनकर जीवित रहिए। किसी के दिल में धड़कते रहिए, इससे बड़ा कोई उपहार नहीं।
ज़िंदगी को ऐसे जियो, जैसे यह आख़िरी दिन हो। हर दिन हँसो, गाओ, आगे बढ़ो और वक़्त से लड़ो। लोगों की बातों पर गुस्सा नहीं होना चाहिए; हमेशा शांत रहें, क्योंकि क्रोध करने से हमें ही समस्याओं का सामना करना पड़ता है और हमारी मानसिकता खराब होती है।जब बहुत अधिक गुस्सा आए, उस समय भी खुद पर काबू रखना आना चाहिए। खुद से ख़ूब प्यार करो। लोगों को सद्भावना के साथ जीना चाहिए, इस बात से सबको प्रेरित करने की आवश्यकता है। दुनिया में लोग जैसे हैं, उन्हें वैसे ही रहने दो; हमें बस खुद को समझना चाहिए।
=====================







