सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका,
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
‘सार्थक जिंदगी’ (कविता)
————————-
खामोश जुबां को एक आवाज दे दो,
जो दूर हुए जिंदगी की साख से,
उन्हें फिर जीने का एहसास दे दो।
खुशी की एक बूंद को तरसते हैं लोग जहाँ,
उन्हें निश्छल प्यार की बौछार दे दो।
वीरान शहर हैं, बेजान निगाहें हैं,
भटके हैं लोग जहाँ, उन्हें उत्साह की रोशनी,
विश्वास की ज़मीन व उम्मीदों का आसमां दे दो।
गम का ही पहरा है, आतंक का भय गहरा,
खौफ ही खौफ जहाँ ठहरा है,
उन फिजाओं में सुरक्षा का पहरा दे दो।
थम रही हैं सांसें हर पल,
अत्याचार और भ्रष्टाचार से जहाँ,
उन लम्हों में हिम्मत का हथियार दे दो।
अपनी नेकी की राह पर चलकर,
हर भटकती मंजिल को एक पहचान दे दो,
अनमोल व खूबसूरत इस जिंदगी का,
हर पल सार्थक हो, ऐसा पैगाम दे दो।







