सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका,
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, छ.ग.।
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“जीवन एक दीपक है और हिम्मत उसकी लौ”
– सुश्री सरोज कंसारी
===============================
सबका ख्याल रखते-रखते,
खुद को भूल जाना नहीं है।
हिम्मत से आगे बढ़ना है,
गढ़ना, बढ़ना, डरना नहीं है।
मनुष्य का जीवन नदी की धारा सा है। धारा में भँवर भी आते हैं, चट्टानें भी राह रोकती हैं, पर नदी रुकती नहीं। हमारे भीतर भी एक अंतहीन प्रवाह है साहस का, आशा का, सृजन का। ऋषियों ने कहा है कि ‘चरैवेति चरैवेति’ अर्थात चलते रहो, चलते रहो। हिम्मत कोई क्षणिक आवेग नहीं, यह तो आत्मा का वह शाश्वत स्वर है जो हमें हर पतझड़ के बाद बसंत का विश्वास दिलाता है। जब हम अपने भीतर के इस स्वर को सुन लेते हैं, तो भय की दीवारें कागज़ सी हो जाती है।
हर इंसान के भीतर एक अंजान हलचल होती है, एक अनकही बेचैनी जो कभी अचानक रात के सन्नाटे में जाग उठती है। कभी-कभी एक धीमी सी आहट, एक अनसुना-सा डर मन की दहलीज़ पर दस्तक देता है और सारा चैन छीन ले जाता है। मन उलझन में पड़ जाता है, धड़कनें तेज हो जाती हैं। पर याद रखना — डर के सामने खड़े होने का नाम ही हिम्मत है। जब भीतर तूफान उठे, एक पल रुककर खुद से कहना: ‘मैं हार मानने नहीं आया’।
हम जिन्हें सबसे ज्यादा चाहते हैं, जिनकी एक मुस्कान पर हमारी दुनिया टिकी है, उनके लिए आशंका और अनहोनी का ख्याल एक ऐसा काल्पनिक जाल बुन देता है जिसमें हम खुद ही उलझ जाते हैं। “कहीं कुछ हो न जाए?” — यह एक सवाल पूरे दिल को व्याकुल कर देता है। मजबूत बने रहना चाहिए। आँसू पोंछकर उनके सामने मुस्कुराओ, क्योंकि तुम्हारी हिम्मत ही उनका सबसे बड़ा सहारा है।
पर मन की गहराई में सिर्फ डर नहीं, यादें भी बसती हैं — माँ की लोरी, पिता का कंधा, दोस्त की हँसी। वहीं खुशी के पल भी किसी तिजोरी में संजोए होते हैं। हिम्मत का काम — उन्हीं यादों को ढाल बनाकर आगे बढ़ते जाना है। जब अंधेरा घिरे तो बीते हुए उजाले को याद किया करो, वो रोशनी फिर आएगी।
हम सब रिश्तों से जुड़ते हैं, दौड़ते हैं, लड़ते हैं। मगर थकान आना स्वाभाविक है। उम्र अपनी गति से चलती है और हम छोटी-छोटी खुशियाँ गँवा बैठते हैं। यहाँ हिम्मत बोलती है — थक जाओ तो रुक जाना, पर रुककर खत्म मत होना। साँस लेकर, पानी पीकर फिर उठना। गिरी हुई पतंग भी हवा का रुख मिलते ही आसमान छू लेती है। पूरी दुनिया की अव्यवस्था को एक इंसान नहीं सुधार सकता। जब तक हम खुद मजबूत नहीं होंगे, किसी नए निर्माण में भागीदार भी नहीं बन पाएंगे। इसलिए हिम्मत से कहो — ‘मैं संभालूँगा, फिर दुनिया को थामूँगा’। कमजोर कंधे पर जिम्मेदारी का बोझ नहीं टिकता। पहले खुद को लोहे-सा बनकर रहा करो।
प्रतिकूल हवा में सपने कागज़ की कश्ती-से लगते हैं। चोट पर चोट लगे तो विश्वास डगमगाता है। मगर हिम्मत का दूसरा नाम जिद है — सौ बार गिरो, एक सौ एक बार उठो। टूटी हड्डी जुड़ने पर और मजबूत हो जाती है, टूटा हौसला जुड़ने पर और अटल हो जाता है…कभी-कभी जीवन हमें ऐसी अनजान राह पर लाकर छोड़ देता है जहां मंजिल दूर लगती है, वही पल होता है खुद से मिलने का। यही वास्तविक हिम्मत है…जो लोग बिना शिकायत के कष्ट सहते हैं, जो दूसरों की खुशी में अपनी खुशी ढूंढते हैं, वे अक्सर खुद को भूल जाते हैं। अब हिम्मत सीखो — ‘ना’ कहना भी हिम्मत है। सबका ख्याल रखो, पर खुद को नजर अंदाज करके नहीं। खाली कप से किसी की प्यास नहीं बुझती। दूसरों की फिक्र में जब जीवन बीतने लगे, तो जरूरी हो जाता है भीतर झांकना। हिम्मत का आईना — खुद से रोज पूछो ‘आज तू ठीक है न?’। अपने दिल को बच्चे-सा दुलारो। गलती पर डाँटो नहीं, समझाओ। सही पर पीठ थपथपाओ।
दुनिया क्या कहेगी, यह मत सोचिए। दुनिया का काम है कहना। सबसे बड़ी हिम्मत — भीड़ की आवाज में अपनी आवाज न खोना। लोग हँसें तो हँसने दो, तुम अपना रास्ता मत छोड़ो। ताने सहकर ही ताज बनते हैं। मन का शोर जब सुनाई दे, तो उसे दबाएं नहीं। हिम्मत की चादर ओढ़कर उसका सामना करें। खुद से अतिशय प्रेम करो…खुद की पीठ थपथपाएं। छोटी खुशियों को चुनें, बड़े तूफानों से लड़ने की ताकत वहीं से आएगी। याद रखना — हिम्मत नाम की चिड़िया जब मन में घर बना लेती है, तो डर के सारे बादल खुद-ब-खुद छँट जाते हैं। मजबूत मन बड़ा संभल होता है, और हिम्मत ही उसका पहला कदम है।
तेल कम हो सकता है, हवा तेज़ चल सकती है, पर यदि लौ को बुझने न देने का संकल्प हो तो अंधेरे को झुकना ही पड़ता है। दार्शनिक सुकरात ने कहा था कि ‘अपने आप को जानो’। हिम्मत भी खुद को जानने की ही एक यात्रा है। जब तुम अपने अस्तित्व के सत्य को पहचान लेते हो, तो दुनिया की कोई भी प्रतिकूलता तुम्हें तोड़ नहीं पाती। तुम स्वयं एक प्रकाश बन जाते हो। और याद रखना, एक जलता हुआ दीपक ही हजारों बुझे दीपकों को रौशनी दे सकता है।
——————————————————-







