सुनील कुमार वर्मा
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
गलतियां
(लघुकथा)
ऐसा हमेशा होता था। घर में दो पुत्र और दो पुत्रियों मे से किसी से भी बात चीत के दौरान बहसबाजी और विवाद होने पर माता-पिता द्वारा ग़लती स्वीकार कर उनसे माफी मांग ली जाती थी।
अब बच्चे बड़े हो गए हैं। इसलिए घर में माता-पिता से बातचीत या बहसबाजी के दौरान होने वाले विवाद कभी कभार झगड़ों में भी तब्दील होने लगे हैं। ऐसे में हमेशा की तरह अभी भी माता-पिता द्वारा ग़लती स्वीकार करते हुए उनसे माफी मांग ली जाती है।
माता-पिता का यह व्यवहार उनके पुत्र और पुत्रियों के समझ से परे था। वे सब अब समझदार हो रहे थे इसलिए वे सभी अपने माता-पिता के इस व्यवहार से अचंभित थे और अब उन्हें अपनी गलतियों का आभास भी हो रहा था। आपस मे बहुत विचार विमर्श करने के बाद भी जब उन्हें कुछ समझ नहीं आता है तब वे सभी अपने माता-पिता के पास आकर उनसे पूछते हैं।
“हमें पता है कि, बात चीत और झगड़ों के दौरान गलतियां हमारी रहती हैं फिर भी आप दोनों हमेशा खुद को गलत बताकर हमसे माफी क्यों मांग लेते हैं ? यह तो सरासर गलत है !”
माता-पिता उनकी बातें बहुत ध्यान से सुनकर उन्हें बताते हैं कि,
“तुम्हारा जो भी व्यवहार है। वह हमारे द्वारा तुम्हें दिए गए संस्कार और शिक्षा के ही कारण है। तुम्हारा व्यवहार अगर गलत है तो उसका कारण भी यही संस्कार और शिक्षा हैं इसलिए इसमें तुम्हारी कोई ग़लती नही है।”
इतना सुनकर चारों पुत्र पुत्रियों को स्वयं पर शर्मिंदगी महसूस होने लगती है। उन्हें यह समझ आ गया था कि, आज जो भी बातें माता-पिता के द्वारा उन्हें बतायी या समझायी जा रही हैं। वह भी उनके माता-पिता द्वारा उन्हें दिए जाने वाले संस्कार और शिक्षा का ही एक रूप है।







