सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
डॉक्टर्स डे विशेष
इलाज की कतार में टूट चुकी हैं साँसें,अब जागो, वरना वक्त कमजोर है। —सुश्री सरोज कंसारी
आरोग्य का अधिकार! घोषणाओं के शोर में दबती चीखें
“संवेदनहीन व्यवस्था के कुचक्र में तड़पता जन-मन!”
=================================
अब बहस नहीं, जवाबदेही का दौर है,
सिसकती जिंदगियों का ये शोर है।
इलाज की कतार में टूट चुकी हैं साँसें,
अब जागो, वरना वक्त कमजोर है।
मानवता ही सर्वोच्च धर्म है, क्योंकि मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है। यह अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मुद्दा है। वर्तमान की इस विडंबनापूर्ण वेला में जीवन का ताना-बाना बिखर चुका है। सर्वत्र आर्थिक दुष्चक्र का हाहाकार है, जहाँ मनुष्य अपनी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु संघर्षरत है। आज अधिकतर लोगों की कहानी कुछ इस प्रकार है — भूखे पेट, जर्जर मकान, महंगाई, कर्ज़ का बोझ और रोज़ी-रोटी के लिए दर-दर भटकता इंसान। चाहे अमीर हो, गरीब हो या सामान्य वर्ग का व्यक्ति, मेहनत के बिना किसी का काम नहीं चलता। घर-परिवार यूँ ही नहीं चलते। सभी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए दिन-रात एक करना पड़ता है, तब कहीं जाकर जीवन सुचारू रूप से चल पाता है। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। ये तो बस शुरुआत है, क्योंकि इसके आगे भी अनकहे दर्द हैं, अंतहीन आवश्यकताएँ हैं। जीवन की गाड़ी को चलाने के लिए विवाह, पढ़ाई, नौकरी, बिजली बिल, विभिन्न कर और ईंधन जैसे अनगिनत खर्चों की पूर्ति आवश्यक है, और ये सब हर किसी की मूलभूत आवश्यकताएँ हैं।
समय बदल गया है और अपने विकास के लिए हर कोई चिंतित रहता है। जहाँ कुछ लोग जी-तोड़ मेहनत करके परिवार के हर सदस्य की ज़रूरतें पूरी कर पाते हैं, वहीं कई लोग ऐसे भी हैं जो दो वक्त की रोटी भी बमुश्किल जुटा पाते हैं। ज़रा सोचिए, कई लोग तो अक्सर भूखे ही सो जाते हैं। यह वर्तमान समाज का कठोर यथार्थ है। चिंतन करें कि आज के समय में शिक्षा कितनी आवश्यक है। लेकिन गरीबी और अभाव के कारण आज भी मानव समुदाय का बड़ा हिस्सा इससे वंचित है। प्राथमिक ज़रूरत पूरी होने के बाद ही कोई मनुष्य विकास के पथ पर अग्रसर होने की सोच सकता है। ज़रूरतें पूरी करते-करते लोग किसी तरह ज़िंदगी बसर करते हैं। सबकी चाह होती है कि जीवन की दौड़ में वे भी आगे हों, सपने और आशाएँ पूरी हों। आर्थिक समृद्धि के बिना सपनों को साकार करना संभव नहीं। हर कोई खुद की परवाह किए बिना लगातार काम करता है। थकान से भरे मन और शरीर को लेकर कल्पनाओं के भंवर में जिंदगी घूमती रहती है। जब लक्ष्य पूरा करने का जज्बा होता है तो कई लोग अपनी नींद, चैन और आराम की भी चिंता नहीं करते।
लेकिन इंसान मशीन नहीं है। किसी भी कार्य को करने की एक क्षमता होती है। क्षमता से अधिक होने पर शरीर रूपी मशीन के पुर्जे भी जवाब दे देते हैं और काम करना बंद कर देते हैं। पाने के जुनून में जब हम अनवरत लगे रहते हैं, तो भागदौड़ में पता ही नहीं चलता। समय पर भोजन, विश्राम और नींद न होने से शरीर में कई रोग घर कर लेते हैं। जरा सोचिए! हम सभी की आज सबसे बड़ी आवश्यकता क्या है? जिसके बिना सब अधूरा है, संसार के सारे सुख-सुविधा और संपत्ति बेकार हैं। यदि सहज रूप से देखें तो दुनिया के सारे काम इस तन से होते हैं, स्वस्थ मस्तिष्क से होते हैं। यदि यह शरीर ही रोगग्रस्त हो गया तो बाकी बातें पीछे छूट जाती हैं। आप चल-फिर नहीं सकते, किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं। बिस्तर पर हैं और ठीक होने की कोई गुंजाइश नहीं, उस स्थिति में आप परिवार, समाज या राष्ट्र के बारे में चिंतन कैसे करेंगे? पहले मन में यही आएगा कि आप पूर्ण रूप से स्वस्थ रहें, निरोगी काया हो। जिससे समर्थ होकर सही मानसिकता से इस तन का उपयोग अन्य सेवा में समर्पित कर सकें।
जीवन-भर हम दूसरों के पीछे भागते हैं। जब रोग से ग्रस्त हो जाते हैं तो दूसरों पर निर्भर हो जाते हैं। जब तक जमा पूंजी है, घर-परिवार के लोग इलाज कराते हैं। समाप्त होने पर कर्ज लेते हैं। तब भी न हो तो थक-हारकर भगवान भरोसे आपको छोड़ने पर विवश हो जाते हैं, क्योंकि उनके पास भी कोई विकल्प नहीं होता। आप सोच सकते हैं कि स्वस्थ शरीर कितना ज़रूरी है, जिसका ध्यान हमें रखना चाहिए। लेकिन समय और रोग बताकर नहीं आते। अचानक कुछ भी हो सकता है, कितना भी जतन करें। शरीर की आंतरिक संरचना तथा सामान्य लक्षणों का ज्ञान न होने के कारण अनेक गंभीर बीमारियाँ अंदर ही अंदर बढ़ जाती हैं। जब तक कोई स्पष्ट तकलीफ होती है और डॉक्टर से परामर्श लिया जाता है, तब तक अक्सर बहुत देर हो चुकी होती है। बढ़ी हुई बीमारी के इलाज का खर्च लाखों-करोड़ों में होता है, जिससे मरीज और परिवार सदमे में आ जाते हैं। इस दौरान आर्थिक जुगाड़, अस्पतालों के चक्कर, ऑक्सीजन या खून की व्यवस्था और विशेषज्ञ डॉक्टरों की खोज में पूरा परिवार बेहाल हो जाता है। अस्पताल में भर्ती होने पर अनिश्चितता तथा भारी-भरकम खर्च की चिंता दिल की धड़कनें बढ़ा देती है। इस स्थिति से लगभग हर वर्ग गुजरता है। यहाँ तक कि अमीर परिवारों को भी कभी-कभी अपनी संपत्ति बेचनी पड़ती है। कई गंभीर बीमारियों का इलाज केवल बड़े शहरों के विशिष्ट अस्पतालों में ही संभव है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है। अंततः हर किसी की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं होती कि वे यह बोझ आसानी से उठा सकें, और मजबूत स्थिति वालों को भी मानसिक तथा शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आइए, हम सभी विचार करें। जो जीवन का सबसे अहम पहलू है, जो दुनिया के हर कार्य से सबसे महत्त्वपूर्ण पायदान पर है। इसलिए एक ऐसी स्वास्थ्य सेवा हर नागरिक को उपलब्ध होनी चाहिए कि मरीज या उसके परिवार को जानकारी के अभाव में भटकना न पड़े। किसी भी बीमारी के इलाज के स्थान और विशेषज्ञ डॉक्टर की जानकारी सर्वसुलभ होनी चाहिए। शासन और समस्त नागरिकों को अन्य विषयों पर बहस की अपेक्षा स्वास्थ्य पर अधिक चर्चा करनी चाहिए। छोटी बीमारी से लेकर गंभीर बीमारी तक का इलाज कम खर्च में और बेहतर ढंग से होना चाहिए। जो सुविधा और देखभाल प्राइवेट अस्पतालों में मिलती है, वही सेवाभाव और देखभाल सरकारी अस्पतालों में भी हो, जिससे आम नागरिक प्राइवेट अस्पतालों के महंगे खर्चों से बच पाएँ।
आज अधिकांश मौतें मरीजों के सही इलाज के अभाव में होती हैं। कहने को तो हम कह देते हैं कि “आयुष्मान भारत योजना” का लाभ हर किसी को मिल रहा है, जो अखबारों में बड़े-बड़े अक्षरों में प्रमुखता से छपता है। हकीकत यह है कि जितना होता नहीं, उतना दिखावा करने में आज लोग माहिर हैं। वे किसे धोखा दे रहे हैं? शायद शासन को दिखाने के लिए, अपना पद बचाने और सम्मान के लिए। आज भी स्वास्थ्य विभाग की स्थिति दयनीय है। जिन सरकारी अस्पतालों को आयुष्मान योजना में इलाज का अधिकार मिला है, उनमें अधिकतर केवल अपनी जेब भर रहे हैं। कई मरीज आज भी इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हैं, क्योंकि उन्हें सही समय पर इलाज, जानकारी और डॉक्टर नहीं मिलते। यदि शासकीय अस्पतालों में गंभीरता से जाँच हो तो कई ऐसे सबूत मिल जाएँगे जिन्हें सुनकर और देखकर मन पीड़ा से भर जाएगा। शासन की यह सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना का लाभ आज भी गरीबों तक पूरी तरह नहीं पहुँच पाया है।
सेवाभाव और देखभाल सरकारी अस्पतालों में हो, जिससे आम नागरिक प्राइवेट अस्पतालों के महंगे खर्चे से बच पाएँ। अधिकांश मृत्यु आज मरीजों के सही इलाज के अभाव में होती है। वाहवाही लेने में लोग आगे हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई कोई नहीं कर पाता। कई बार मरीज के परिजन को सही इलाज न मिलने पर भी शिकायत कहाँ करनी है, यह पता न होने के कारण वे चुप रह जाते हैं। कई बार डॉक्टरों के खिलाफ कोई सबूत न मिलने से वे कुछ नहीं कर पाते। मानवता की सेवा की शपथ लेने वाले डॉक्टर जब अपने स्वार्थ के लिए मरीज की ज़िंदगी से खिलवाड़ करते हैं तो यह सबसे बड़ा अपराध है। जैसे एक कमज़ोर छात्र को पढ़ाने के लिए शिक्षक के पास कई विकल्प होते हैं, वैसे ही डॉक्टर के पास भी मरीजों की पूरी देखभाल और सही इलाज के कई विकल्प होने चाहिए। अस्पताल मरीजों का मंदिर है और डॉक्टर भगवान, जिस पर विश्वास होता है।
एक शासकीय अस्पताल में हर तरह की सुविधाएँ होनी चाहिए, हर समय डॉक्टर होने चाहिए। क्योंकि बीमार होने का कोई समय नहीं होता। फिर भी आज कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऐसे हैं जहाँ शाम पाँच बजे के बाद सन्नाटा हो जाता है, जो दुखद है। ज़रूरत के हिसाब से सुबह, दोपहर और रात में भी डॉक्टर होने चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं है, जिसकी चिंता किसी को नहीं। आप गौर करेंगे तो पता चलेगा कि कई गंभीर बीमारियों का इस योजना में लाभ नहीं मिलता और इलाज होता भी है तो कई प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। फिर भी जैसी सुविधा होनी चाहिए, वैसी इस योजना में नहीं मिल पाती। शासकीय अस्पताल में इलाज तो होता है, इसमें शक नहीं। लेकिन गरीबी का मंजर यहाँ बहुत दुखदायी है। मरीज ठूँस-ठूँस कर भरे होते हैं। शासकीय अस्पतालों की संख्या कम है और मरीजों की संख्या अधिक। डॉक्टर-नर्स चाहकर भी इतनी बड़ी संख्या में मरीजों की सही देखभाल व इलाज कर पाने में असफल होते हैं।
आज सबसे बड़ा चिंतन का विषय स्वास्थ्य सुविधा है। जिसमें समय पर आसानी से मरीज को आवश्यक जाँच, मशीन, हर बीमारी की दवा, बेड, ऑक्सीजन, ब्लड और बड़ी बीमारी के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर शासकीय अस्पताल में मिलें। ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जो सर्वसुलभ हो और जिसका खर्च आम जनता के बजट के अनुकूल हो। भारत में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति एक गंभीर चिंता का विषय है। यह महत्वपूर्ण है कि जिन मुद्दों का सीधा संबंध नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन से है, उन पर पर्याप्त ध्यान दिया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बजट आवंटन बढ़ाना एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है ताकि बुनियादी ढाँचे और सुविधाओं में सुधार हो सके।
बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए सरकारी अस्पतालों की संख्या बढ़ाना तथा मौजूदा स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन करना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही तय करना और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है। एक लक्ष्य यह होना चाहिए कि भारत के प्रत्येक नागरिक को अच्छी तथा सस्ती स्वास्थ्य सेवाएँ मिलें, ताकि इलाज के अभाव में किसी को परेशानी न हो। नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देना एक स्वस्थ तथा मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक है। इस दिशा में सामूहिक प्रयास व जागरूकता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। मानवता सर्वोपरि।








