सुनील कुमार वर्मा
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
संतुष्टि की लालसा
(लघुकथा)
एक बार एक व्यक्ति संतुष्टि पाने की लालसा में अपनी मंजिल की ओर चले जा रहा था। रास्ते में उसे संतुष्टि मिल गई। वह राहगीर संतुष्टि को पहचानता नहीं था इसलिए उसने जिज्ञासा बस पूछा।
“हे देवी ! तुम कौन हो और अकेले कहां जा रही हो ?”
तब संतुष्टि ने उस राहगीर के सवालों का जवाब देते हुए कहा।
“मानव में संतुष्टि हूं और मै अकेले नहीं हूं.देखो तुम्हारे साथ ही तो चल रही हूंँ।”
राहगीर ने संतुष्टि का मजाक बनाते हुए विश्वास पूर्ण तरीके से कहा।
“साथ ! कैसा साथ ? तुम तो मुझे अभी दिखाई दे रही हो। मैं तो कब से अकेला ही सफर कर रहा हूँ !”
उस राहगीर की बातें सुनकर संतुष्टि ने मुस्कुराते हुए कहा।
“यही तो बात है! जीवन के सफर में मैं हमेशा हर किसी के साथ चलती रहती हूँ। जो संतुष्ट रहते हैं उन्हें दिखाई दे जाती हूँ और जो संतुष्ट नहीं रहते हैं उन्हें दिखलाई नहीं देती हूँ।”
इतना कहकर संतुष्टि वहां से अदृश्य हो जाती है। राहगीर को संतुष्टि की बात समझ में आ चुकी थी क्योंकि आज उसे पहली बार संतुष्टि मिली थी।







