नील मणि
लेखिका व कार्टूनिस्ट।
मेरठ, (उ. प्र.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
नमस्कार जी,
मेरा पैसा
“इस बार भी प्रमोशन नहीं मिला!”
गुप्ता जी ने घर में कदम रखते ही बैग सोफे पर पटका और रिंकी पर बरस पड़े।
“घर में कभी शांति रहती है? सब अस्त-व्यस्त रहता है। आदमी बाहर का तनाव झेले या घर का?”
रिंकी ने एक पल उनकी ओर देखा। सुबह पाँच ब पढ़ाई, घर का खर्च, राशन, बिजली के बिल— सब कुछ तो वह अपने वेतन से संभालती थी। फिर भी हर असफलता की दोषी वही ठहराई जाती।
पहले वह जवाब देती थी, तर्क करती थी, रोती भी थी। लेकिन बच्चों के बड़े होते-होते उसने चुप रहना सीख लिया था।
सेवा-निवृत्ति के बाद एक दिन उसे पता चला कि गुप्ता जी ने अपनी सारी जमा-पूंजी किसी जमीन में लगा दी है।
“इतना बड़ा फैसला मुझसे पूछे बिना?” रिंकी कांप गई।
वर्षों बीत गए। न जमीन बिकी, न उसका कोई लाभ मिला। पैसा जैसे मिट्टी में दफन हो गया।
रिंकी कुछ बुदबुदाती तो कहते -“मेरा पैसा था। मैंने कमाया मैंने गंवाया तुम्हें क्या?” गुप्ता जी ने बात खत्म कर दी।
एक शाम गुप्ता जी चिंतित बैठे थे। दवाइयों का खर्च बढ़ गया था। बैंक खाते लगभग खाली थे।
रिंकी चुपचाप अलमारी से फाइल निकाल लाई। उसमें सावधि जमा, बचत योजनाओं और निवेश के कागज थे।
“ये सब क्या है?” गुप्ता जी ने आश्चर्य से पूछा।
“घर चलाते-चलाते जो बचा सकी, उसे संभालती रही।”
गुप्ता जी की आंखें फैल गईं- पश्चाताप, अहंकार सब घुल गया था उनमें!
रिंकी मुस्कराई। वर्षों की पीड़ा उस मुस्कान में थी-
“मेरा पैसा था। मैंने कमाया, मैंने बचाया। आपको क्या?”







