संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सौरिख में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 गिरफ्तार; मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, 10 बाइक व हथियार बरामद।
कन्नौज: सौरिख थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, चार मोटरसाइकिल इंजन, कटे हुए बाइक पार्ट्स, पांच अवैध तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का यह भी दावा है कि बरामदगी के दौरान मुख्य आरोपी श्याम ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास करते हुए फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई पुलिस कार्रवाई में वह घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक 6 जुलाई को हरिभानपुर स्टेडियम के पास वाहन चेकिंग के दौरान पांच संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने जंगल में चोरी की मोटरसाइकिलों को काटे जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ सौरिख थाने में वाहन चोरी, अवैध हथियार रखने तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी श्याम ने 4 जुलाई को त्रिपाठी बुक डिपो से मोबाइल चोरी की घटना भी स्वीकार की। मोबाइल बरामद कराने के लिए ले जाते समय उसने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की और झाड़ियों में छिपाए गए तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद होने का दावा किया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध औरैया, इटावा और हरदोई जनपदों से है तथा कई आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।






