संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तरखंड)
गैंगस्टर एक्ट के तहत दो आरोपितों की 11 संपत्तियां कुर्क


कन्नौजः गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस और प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों की 11 संपत्तियां कुर्क कर दीं। प्रशासन के अनुसार इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 24 लाख 88 हजार 325 रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के अंतर्गत कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई ग्राम अडंगापुर निवासी नवाब सिंह यादव और वीरपाल उर्फ नीलू यादव के विरुद्ध की गई। पुलिस का दावा है कि कुर्क की गई संपत्तियां अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थीं।
प्रशासन के अनुसार गदनपुर बड्डू, कन्दरौली बांगर, मौसमपुर अल्लड़, मोहल्ला जेरकिला, दरियापुर पट्टी और दरियापुर चंदई स्थित कृषि भूमि समेत कुल 11 संपत्तियों को कुर्क किया गया है। जिलाधिकारी ने इन संपत्तियों का रिसीवर नायब तहसीलदार सदर भरत कुमार मौर्य को नियुक्त किया है।
कार्रवाई के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी, भारी पुलिस बल तथा पीएसी मौजूद रही। मुनादी कराकर कुर्की की कार्रवाई पूरी की गई।
पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी विधिक कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार होगी।







