अदिती कुशवाहा
बैकुंठपुर (कोरिया) छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
क्या हमें सच में आजादी मिली है?…..
यह लेख लिखते समय मेरा मन अत्यंत दुखी है। हर शब्द के साथ ऐसा महसूस हो रहा है मानो किसी मासूम की चीखें कागज़ पर उतर रही हों। यह केवल एक घटना का वर्णन नहीं, बल्कि उस पीड़ा की आवाज़ है जिसे आज भी न जाने कितनी बेटियाँ और महिलाएँ हर दिन सहने को मजबूर हैं।
मेरा प्रश्न पूरे समाज से है—क्या हमारी बेटियाँ सच में सुरक्षित हैं? क्या महिलाओं को इस समाज में स्वतंत्र होकर जीने का अधिकार नहीं है? क्या हम केवल इसलिए डरते हुए जीने को मजबूर हैं क्योंकि हम स्त्रियाँ हैं?
हाल ही में एक 13 वर्ष की मासूम बच्ची के साथ 32 हैवानो की दरिंदो के अमानवीय घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया। जिस बच्ची को सुरक्षित घर पहुँचना था, उसी का भरोसा तोड़ दिया गया। उसे धोखे से ले जाया गया और पाँच दिनों तक उसके साथ क्रूरता की गई। यह सोचकर ही मन कांप उठता है कि एक मासूम बच्ची ने उन दिनों में कितना भय, दर्द और असहायता महसूस की होगी।
इस घटना से अनेक प्रश्न जन्म लेते हैं। यदि किसी होटल या किसी स्थान पर कई दिनों तक ऐसा अपराध होता रहा, तो क्या किसी ने कुछ नहीं देखा? यदि देखा, तो किसी ने आवाज़ क्यों नहीं उठाई? क्या इंसानियत इतनी कमजोर हो चुकी है कि पैसे, डर या स्वार्थ के आगे किसी मासूम की ज़िंदगी का कोई मूल्य नहीं रह गया?
आज हर माँ अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। हर छोटी बच्ची के मन में यह डर बैठता जा रहा है कि कहीं स्कूल जाते समय, घर लौटते समय या रास्ते में उसके साथ भी कुछ ऐसा न हो जाए। क्या यही स्वतंत्र भारत की आज़ादी है? क्या हमारी बेटियाँ बिना भय के शिक्षा भी प्राप्त नहीं कर सकतीं?
दुख की बात यह है कि ऐसी घटनाएँ बार-बार सामने आती हैं। अनेक पीड़िताओं को समय पर न्याय नहीं मिलता, और कई मामलों में समाज भी उनके साथ मजबूती से खड़ा नहीं होता। यह केवल कानून का नहीं, बल्कि हमारी सोच, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रश्न है।
महिलाएँ किसी की वस्तु, खिलौना या मनोरंजन का साधन नहीं हैं। वे भी इस देश की समान नागरिक हैं। उन्हें भी सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वतंत्रता और गरिमा के साथ जीने का पूरा अधिकार है। किसी भी स्त्री की पहचान उसके अस्तित्व से है, किसी की सोच या हवस से नहीं।
जब तक समाज अपनी सोच नहीं बदलेगा, जब तक बेटियों की सुरक्षा को केवल परिवार नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी नहीं माना जाएगा, तब तक वास्तविक आज़ादी अधूरी रहेगी।
मेरा समाज से केवल एक प्रश्न है—क्या हम सच में आजाद हैं, यदि हमारी बेटियाँ आज भी भय के साये में जीने को मजबूर हैं? तो ये आजादी किस काम की, जहाँ की बहू, बेटियां घर के बाहर अकेली गर्व से नहीं चल सकती……………






