सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
गोबरा नवापारा-राजिम,
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
शरीर के घाव बाहरी होते हैं, पर मानसिक चोट की जड़ हमारा अपना मन है।
– सुश्री सरोज कंसारी
=============================
”तू हर पल खुश,
आराम से रहना सीख ले,
परेशान होने से कुछ न होगा,
समझने से सब ठीक होगा।”
परिस्थितियाँ बदलती रहेंगी, परन्तु मनुष्य का आंतरिक स्वभाव हमेशा शांत और आनंदित रहना चाहिए। इंसान परिस्थिति से नहीं, बल्कि उस परिस्थिति के बारे में अनावश्यक सोच रखने के कारण दुखी हो जाता है; उसे इससे बचना चाहिए। कभी भी ज़्यादा सोचकर खुद को कमज़ोर नहीं करना चाहिए। हर पल अपने मन को मज़बूत बनाकर रखना चाहिए, चाहे इंसान संवेदनशील हो या न हो।…मानसिक मजबूती हर मनुष्य की पहली जरूरत है। जब मन स्वस्थ, शुद्ध और उत्साहित होता है, तब जीवन भी सुंदर प्रतीत होता है…मनुष्य का मन नाजुक होता है। इसे भीतर से शांत रखने के लिए प्रेम, करुणा, दया, स्नेह, सुरक्षा और परवाह जैसे भावों की जरूरत होती है। अपनत्व पाकर ही ज़िन्दगी निखरती है। जब मन प्रसन्न रहता है, तो हर कार्य सहज हो जाता है।
आज के सांसारिक जीवन में मन अक्सर किसी न किसी बात से अशांत हो जाता है। अपने स्वार्थ और फायदे के लिए लोग छल, षड्यंत्र, बैर, धोखा, ताने और दुर्व्यवहार करने में संकोच नहीं करते। यहाँ लोग शब्दों के तीर से दिल को जख्मी करने में माहिर हैं। किसी की मनःस्थिति को समझने वाला कोई नहीं रहा। हर इंसान के भीतर संघर्षपूर्ण जीवन का दर्द छिपा है। उसे भुलाकर वह बाहरी दुनिया से सामंजस्य बनाने की कोशिश करता है। जब मन को चोट लगती है तो अंतर्मन में बेचैनी होने लगती है। भीतर एक बार दुख ठहर जाए, तो बाहर की सारी खुशियाँ व्यर्थ लगने लगती हैं। मन की चोट सबसे अधिक दर्द देती है।
जीवन के सफर में हमें कई दौर से गुजरना पड़ता है। कहीं मिठास मिलती है, तो कहीं कड़वाहट। हर ठोकर से हम संभलने का हुनर सीखते हैं। समय-समय पर हमें हर तरह के अनुभव मिलते हैं। लेकिन जब शारीरिक और मानसिक चोटें हद से ज्यादा बढ़ जाती हैं, तो इंसान व्यथित हो जाता है। हर मनुष्य की सहनशीलता की एक सीमा होती है। फिर भी हर समस्या से जूझते हुए मनुष्य के भीतर जीवन की चुनौतियों से लड़ने की बहुत क्षमता होती है। लेकिन जब नाजुक तन और मन पर लगातार प्रहार होते हैं, तो एक समय के बाद इंसान हार मान लेता है, टूट जाता है और जीवन से थकान महसूस करने लगता है।
जब मन दर्द से भीग जाता है, तो हर लम्हा वीरान लगने लगता है। जीवन के मोड़ों पर कभी खुशी की बौछार होती है, तो कभी तकलीफों का अंबार। इन अनंत व्यथाओं के बीच भी एक इंतजार, एक उम्मीद और प्यार भरा एहसास हमें जीने के लिए प्रेरित करता है। हर बात पर बहुत अधिक चिंतन करने से जीवन जटिल हो जाता है। इसलिए जब तक जीवन है, मन को सजग, सुंदर और सक्रिय रखिए। कई बार मानसिक तनाव में इंसान के मन में नकारात्मक भाव आ जाते हैं। वह अस्थिर होकर भटकता है और समस्याओं का समाधान नहीं ढूंढ पाता। पीड़ित मन वाला व्यक्ति सहज जीवन नहीं जी पाता। भीतर भावनाओं का निरंतर प्रवाह होता है, तरह-तरह के विचार टकराते हैं, और चाहकर भी वह उस दर्द से बाहर नहीं निकल पाता। लगातार भावनाओं पर चोट लगने से मन का हर कोना जख्मी हो जाता है।
इसलिए याद रखिए…मन में क्रोध, चिड़चिड़ापन, तनाव, दुख और संदेह मत रखिए। एकाग्र होकर काम कीजिए। कल के लिए आज परेशान मत होइए…दुख में खुद को धैर्य दीजिए। सब ठीक होगा, इसलिए घबराहट में कोई गलती मत कीजिए। तन-मन को सक्रिय रखिए। दर्द के पास ठहरिए मत, आगे बढ़िए और कर्म कीजिए। जो मिला है उसे भी खो देंगे, अगर जो नहीं है उसी के लिए रोते रहेंगे। इसलिए समय रहते मन के हर संदेह को दूर कीजिए। मन की इच्छाओं से बंधकर मत रहिए। उस दर्द से खुद को मुक्त कीजिए जिसका कोई औचित्य ही नहीं। जख्मी बनकर ज्यादा दिन नहीं जी पाएंगे। इस जीवन को सुंदर बनाइए, अच्छी सोच रखिए।
इस अजनबी दुनिया में अपनत्व को महसूस कीजिए। प्रेम ही है जो इस भीड़ में आपको नई पहचान और हंसने की वजह देता है। इसलिए किसी से नफरत मत कीजिए… मन को खुश रखने के उपाय कीजिए, वरना जीवन सिर्फ अफसोस से भर जाएगा। कोई भी दर्द हो, ज्यादा चिंता करके बीमार मत बनिए। उतना ही सोचिए जिससे कोई समाधान निकले। इतना मत डूबिए कि डिप्रेशन में चले जाएं। दुनिया में बहुत सी बातें होती हैं, हर घटना पर चिंता जरूरी नहीं। मन की शांति बनाए रखने के लिए एकांत में चिंतन कीजिए। खुद पर भरोसा रखिए और संभलिए, बिखरिए मत। मन का भारी हो जाना जीवन के लिए घातक है। दर्द में जो भीग जाते हैं, उनकी हर खुशी दूर हो जाती है। अंतर्मन के युद्ध को जीतने के लिए बेहद सहनशील और शांत होना जरूरी है।
संवेदनशील हृदयों की चोट जब गहरी होती है, तो हर क्षण चुभती है। गम का हर घूंट पीकर पत्थर बन जाना यानी अपने अरमानों को दफन कर देना है। जीवन में बहुत उलझनें हैं, लेकिन इंसान की क्षमता भी कम नहीं। मौत से भी बदतर स्थिति का सामना करके लोग मुस्कुराते हैं। हमें लगता है कि बस हम ही गमगीन हैं। हर कड़वाहट को भूलकर जीने का हुनर सीखिए। आपका दिल कब्र नहीं है, जहाँ आप मौन हो जाएं। आप जीते-जागते भावुक प्राणी हैं। जब तक जीवित हैं, कोशिश कीजिए सहज रहने की और जीवन को आनंदित करने की।
कैसी भी परिस्थिति हो, अंतर्मन की घुटन से बाहर निकलिए। नाजुक मत बनिए। मतलब की इस दुनिया में मोम की तरह पिघलते रहेंगे तो नष्ट हो जाएंगे। किसी भी जख्म का मरहम वक्त है, लेकिन मन की चोट को गहरा होने से पहले ही भर लेना बेहतर है। किसी तकलीफ को बार-बार याद मत कीजिए। बस खुश रहने के उपाय कीजिए। बाकी सब समय के साथ ठीक हो जाएगा। स्वयं को सजा देना बंद कीजिए। मन का स्वस्थ होना आपके जीवन के लिए सबसे आवश्यक है।
बाहर की परिस्थितियाँ…
कभी इंसान को हरा नहीं सकतीं,
वो तो बस अपने ही मन के
विचारों से हार जाता है।
मनुज को सदा अपना विवेक जीवित रखना चाहिए। हाँ…यह तो वास्तविकता है कि इन्सान अपने स्वभाव और स्वयं के अनावश्यक विचारों के कारण दुखी होता है। इंसान क्या नहीं कर सकता! दुख जैसी चीज़ उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। इंसान के भीतर सब कुछ है, बस उसे जगाने की आवश्यकता होती है। उसे जागने में थोड़ा समय ज़रूर लगता है, पर वह जागेगा और यह दुख मिटेगा। वह मन को हर पल शांत रखना सीख लेगा। समझेगा तो सुलझेगा।
…………………………………………….







