
सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
गोबरा नवापारा-राजिम,
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
(आलेख: तीजन बाई विशेष)
तंबूरे की थाप और कापालिक की हुंकार: तीजन बाई का वैश्विक अवदान।
— सुश्री सरोज कंसारी
“रूढ़ियों की बेड़ियां तोड़ने वाली और पंडवानी को गांव से पेरिस तक पहुंचाने वाली लोकगायिका, जिनके तंबूरे में कुरुक्षेत्र गूंजा और आवाज में छत्तीसगढ़ की माटी जिंदा है।”
=========================
अविरल हाथ में वो लेती थीं अपने तंबूरा,
चेहरे पर चमकता था अनुपम तेज आलोक।
तीजन बाई ! तुम न रही, पर चिरकाल तक,
तुम्हारी स्मृति में गूंजेगा कुरुक्षेत्र का शोक।
तीजन बाई भारत की विख्यात पंडवानी (छत्तीसगढ़ी लोक कला) की महनीय लोकगायिका हैं। उन्होंने जिस विधा को चुना, वह ‘कापालिक शैली’ थी, जिसमें खड़े होकर पंडवानी का प्रदर्शन किया जाता है। वे इस लोक कला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली प्रथम महिला कलाकार हैं। उनका जन्म छत्तीसगढ़ के गनियारी गाँव में हुआ था, जो लौह-इस्पात नगरी भिलाई के निकट स्थित है।
पारधी समाज में जन्मी तीजन बाई का बचपन अभावों और कड़े सामाजिक बंधनों के बीच बीत रहा था…उस दौरान महिलाओं का मंच पर आकर प्रदर्शन करना सामाजिक नियमों के खिलाफ मानते थे। जब उन्होंने पंडवानी सीखने और गाने की जिद की, तो उन्हें समाज और परिवार के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा था। उन्हें जाति से बहिष्कृत तक कर दिया गया, परन्तु कला के प्रति उनके समर्पण ने उन्हें कभी झुकने नहीं दिया। उन्होंने रूढ़ियों की बेड़ियों को तोड़कर छत्तीसगढ़ की ‘कापालिक शैली’ को अपनाया और यह सिद्ध किया कि कला किसी बंधन की मोहताज नहीं होती।
तंबूरा जो बन जाता था महागाथा का अस्त्र। मंच पर तीजन बाई का प्रदर्शन केवल गायन नहीं, एक जीवंत नाट्य होता था। उनके हाथ में मौजूद ‘तंबूरा’ कोई साधारण वाद्य यंत्र नहीं रह जाता था; कथा के प्रवाह के साथ वह कभी अर्जुन का गांडीव धनुष, कभी भीम की गदा, तो कभी दुशासन का वध करने वाला शस्त्र बन जाता था। उनकी बुलंद आवाज, आंखों के रौद्र भाव और चेहरे की चित्ताकर्षक भावभंगिमाएं दर्शकों को सीधे महाभारत के कुरुक्षेत्र युद्ध के मैदान में ले जाती थीं। इसी अनूठी शैली के दम पर उन्होंने पंडवानी को गांव की चौपालों से निकालकर पेरिस, लंदन और टोक्यो जैसे वैश्विक मंचों तक पहुंचाया।
सम्मानों से सुशोभित छत्तीसगढ़ की इस माटी की बेटी ने अपनी कला से देश का गौरव वैश्विक स्तर पर बढ़ाया। कला की दुनिया में उनके इस अनुपम योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें देश के तीन सर्वोच्च नागरिक सम्मानो से सम्मनित किया गया। उन्हें 1988 में पद्मश्री तथा 2003 में पद्म भूषण और वर्ष 2019 में पद्म विभूषण से प्रतिष्ठित किया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और देश-विदेश के एक से अधिक विश्वविद्यालयों से मानद डॉक्टरेट की उपाधियां भी प्राप्त की।
जब छत्तीसगढ़ की पावन धरा से महनीय लोकगायिका तीजन बाई मंच पर उतरती थीं, तो उनके हाथों में उनका वाद्य यंत्र ‘तंबूरा’ सदा गतिमान और जीवंत (अविरल) रहता था। भले ही आज वे भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं रहीं…परंतु कला कभी मरती नहीं है। आने वाले असीम काल तक (चिरकाल) उनकी स्मृति, उनकी बुलंद आवाज और उनकी विशिष्ट गायन शैली हमेशा अमर रहेगी। जब भी महाभारत के युद्ध, पांडवों के संघर्ष और कुरुक्षेत्र के उस विशाल शोक एवं वीरता की गाथा गाई जाएगी, तब-तब तीजन बाई की हुंकार मनुष्यों के हृदयों में गूँज उठेगी। वे अपनी अमिट कला के माध्यम से चिरकाल तक जीवित रहेंगी।
………………………………………….







