मीडिया प्रभारी अल्मोड़ाः दिनेश भट्ट
(नया अधयाय, देहरादून)
राज्यमंत्री भावना मेहरा ने विकास कार्यों की समीक्षा की, जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश।
अल्मोड़ा: उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष भावना मेहरा ने बुधवार को सर्किट हाउस, अल्मोड़ा में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नगर निगम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं एवं जनहित से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की।
इससे पूर्व सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। समीक्षा बैठक में भावना मेहरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नगर निगम तथा सभी संबंधित विभाग बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करें, ताकि आमजन के कार्यों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके तथा लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा करने, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता से कार्य करें।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष किरण पंत, प्रदेश सह-संयोजक निकाय प्रकोष्ठ कैलाश गुरुरानी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम पालीवाल, नगर निगम पार्षद एवं भाजपा नगर महामंत्री अर्जुन सिंह बिष्ट सहित जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नगर निगम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







