कवयित्री चन्द्रमती चतुर्वेदी (चन्दू)
बस्ती, अयोध्या धाम
उत्तर प्रदेश
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
काव्य साहित्य सेवा समर्पण मंच दिल्ली
विधा स्वैछिक
बरस उठे नयना सावन में, मेघों ने जब जल बरसाया
बरस उठे नयना सावन में,
मेघों ने जब जल बरसाया।
तेरी यादों की भीनी खुशबू,
मन-आँगन में फिर मुस्काया।
रिमझिम बूँदों की हर सरगम,
तेरा मधुर संदेश सुनाए।
भीगी-भीगी हर इक साँसें,
तेरे ही एहसास जगाए।
पपीहा “पिया-पिया” जब बोले,
मन भी तेरा नाम पुकारे।
कोयल की मीठी तान सुनाकर,
जगा गईं अरमान हमारे।
बिजली चमकी, बादल गरजे,
धड़कन और मचलने लागी।
तेरे मिलन की प्यासी आशा,
आँखों में फिर पलने लागी।
भीगी चुनर, भीगा आँचल,
भीगे मन के सारे सपने।
तू जो होता साथ हमारे,
सज जाते जीवन के अपने।
बरगद, पीपल, खेत, कछारें,
सबने सावन गीत सुनाया।
पर तेरे बिन सूना-सूना,
हर मौसम ने दर्द बढ़ाया।
बरस उठे नयना सावन में,
अश्रु भी बन गए फुहारे।
प्रेम नदी की लहरों पर हम,
ढूँढ़ रहे थे तट के किनारे।
आ जा अब तो प्रियतम मेरे,
और न मुझको यूँ तड़पाओ।
चन्द्रमती चतुर्वेदी कहती हैं—
प्रेम-सुधा बन जीवन में आओ।
बरस उठे नयना सावन में,
मेघों ने जब जल बरसाया।






