कवयित्री चन्द्रमती चतुर्वेदी (चन्दू)
बस्ती, अयोध्या धाम
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
छिन गई मुस्कान
छिन गई मुस्कान,अधर गए सूख,
नहीं तमन्ना जीने की,
हवाओं का बदल गया रुख,
बुझी चाह मेरे सीने की।
फूलों जैसी उम्र थी मेरी,
काँटों ने दामन थाम लिया,
हँसता-गाता जो था जीवन,
ग़म ने उसका नाम लिया।
जिस पर सबसे अधिक भरोसा,
वही किनारा छोड़ गया,
सपनों का वह नीला अम्बर,
पल भर में ही तोड़ गया।
आँखों में जो दीप जले थे,
आँधी उन्हें बुझा गई,
मन की बगिया में वीरानी,
पतझर बनकर छा गई।
दर्द ने ऐसा घर बनाया,
हँसना भी अब भूल गई,
अपने ही एहसासों से मैं,
जाने कब से दूर हुई।
रातें जाग-जाग कर बीतीं,
दिन भी चैन न दे पाए,
यादों के ये टूटे मोती,
अश्रु बन नयनों से आए।
हर धड़कन बस यही कहे अब,
किसको अपना हाल कहूँ,
भीड़ बहुत है इस दुनिया में,
किससे अपना दर्द कहूँ।
लेकिन मन के किसी कोने में,
विश्वास अभी भी जीवित है,
ईश्वर की हर एक परीक्षा,
जीवन का नव सृजित है।
बादल चाहे घने घिरें,
सूरज फिर मुस्काता है,
टूटा हुआ परिंदा भी इक दिन,
खुलकर नभ में जाता है।
मैं भी अपने आँसू पीकर,
फिर मुस्काना सीखूँगी,
टूटी हुई हर एक उम्मीद को,
साहस से फिर सीऊँगी।
जीवन हार नहीं मानता,
यह उसका पैग़ाम रहा,
दुख की काली रात के पीछे,
सुख का सुनहरा धाम रहा।
कल फिर होगी नई सुबह,
यह विश्वास सँजोए हूँ,
घाव भले गहरे हों दिल के,
फिर भी हिम्मत ढोए हूँ।
कलम उठी तो दर्द पिघलकर,
गीत नया बन जाएगा,
“चन्द्रमती” का हर आँसू भी,
एक दिवस मुस्काएगा।







