संवाददाता कन्नौज (उ.प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
इंदरगढ़ पुलिस ने महिलाओं को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी।
कन्नौजः साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं की रोकथाम एवं लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से थाना इंदरगढ़ की साइबर पुलिस टीम ने रविवार को ग्राम विशेनापुरवा में साइबर जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान गांव की महिलाओं को एकत्रित कर साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।
पुलिस टीम ने महिलाओं को ऑनलाइन फ्रॉड, यूपीआई एवं ओटीपी धोखाधड़ी, फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल और संदेश, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की। साथ ही बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। अज्ञात लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचें तथा मोबाइल फोन और एप्स को समय-समय पर अपडेट रखें। मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने की भी सलाह दी गई।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को बताया कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध का सामना करना पड़े तो बिना विलंब किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर कांस्टेबल पवन दीक्षित, महिला कांस्टेबल रंजना, महिला कांस्टेबल शिवानी, महिला कांस्टेबल प्रियंका एवं महिला कांस्टेबल निशु उपस्थित रहीं।






