सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, देहरादून)
मोरखम्मा नदी किनारे गिरा यूपी का तीर्थ यात्री।
आपदा प्रबंधन ने कठिन रेस्क्यू कर बचाई जान।
उखीमठः मद्महेश्वर यात्रा के आधार शिविर बनातोली में सोमवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब ट्रॉली में बैठने से पूर्व मुजेठा, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) निवासी 24 वर्षीय अंजुल कुमार मोरखम्मा नदी के किनारे अचानक संतुलन खो बैठा और गहरी ढलान की ओर गिर गया। घटना के बाद यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई तथा स्थानीय लोगों ने तत्काल आपदा प्रबंधन दल को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन एवं राहत दल घटनास्थल पर पहुंचा और दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल अंजुल कुमार को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बचाव अभियान के दौरान नदी का किनारा अत्यंत जोखिमपूर्ण होने के बावजूद टीम ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए घायल को सुरक्षित बचा लिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों द्वारा अंजुल कुमार का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं तथा उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है।
घटना के बाद यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि बनातोली में मोरखम्मा नदी पर स्थायी पुल का निर्माण वर्षों से लंबित है। वर्तमान में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को अस्थायी ट्रॉली एवं लकड़ी के पुल के सहारे आवाजाही करनी पड़ रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से मोरखम्मा नदी पर शीघ्र स्थायी पुल के निर्माण तथा यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।







