कवयित्री चन्द्रमती चतुर्वेदी (चन्दू)
बस्ती, अयोध्या धाम
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आँख खुलते ही चेहरा तेरा नजर आता है
आँख खुलते ही चेहरा तेरा नजर आता है,
मेरे होठों पे तभी प्यार उतर आता है।
तेरी यादों की महक साँस में घुल जाती है,
सूना-सूना सा ये जीवन भी सँवर जाता है।
तेरे बिन एक भी पल चैन नहीं मिलता है,
मेरा भोला-सा ये मन बस तुझे ही चाहता है।
तेरी आवाज मेरे कानों में मिश्री घोले,
मेरा रोम-रोम भी गीत प्रेम का गाता है।
जब भी छूती है मुझे याद तेरी चुपके से,
मेरा लजाया हुआ मन भी निखर जाता है।
तेरे सपनों की दुल्हन बन के जिया करती हूँ,
मेरा हर ख्वाब तुझी पर ही ठहर जाता है।
तेरी बाहों का सहारा ही मेरा साहस है,
हर कठिन मोड़ भी हँसकर गुजर जाता है।
तेरी मुस्कान से रोशन मेरी दुनिया सारी,
मन का हर कोना दीपक-सा सँवर जाता है।
माँग में प्रेम का सिन्दूर सदा यूँ ही रहे,
यही अरमान मेरी आँख में भर आता है।
तेरे चरणों में नहीं, संग तेरे चलना है,
यही जीवन का मेरा सबसे बड़ा नाता है।
रब से हर रोज यही माँगती रहती हूँ मैं,
साथ तेरा ही सदा जन्म-जन्म आता है।
आँख खुलते ही चेहरा तेरा नजर आता है,
मेरे जीवन का हर पल तुझसे महक जाता है।
××××××××××××××××××
वही मित्र है मन को भाता, जो सच्चा होता है
वही मित्र है मन को भाता,
जो सच्चा होता है,
सुख-दुख में हर पल संग रहता,
रिश्ता पक्का होता है।
मतलब की दुनिया में जिसने,
साथ निभाना सीखा हो,
दर्द पराया अपना समझे,
ऐसा ही तो मीता हो।
मीठे बोलों से जो हरदम,
मन का भार हटाता है,
रूठे मन में प्रेम जगाकर,
हँसना भी सिखलाता है।
धन-दौलत से नहीं मित्रता,
दिल से नाता होता है,
संकट की हर काली घड़ी में,
दीपक बनकर होता है।
पीठ पीछे कभी न बोले,
मुख पर सच्ची बात कहे,
गलती होने पर भी हमको,
सच्ची कडवी बात कहे।
ईर्ष्या-द्वेष न जिसके मन में,
निर्मल जिसका चेहरा हो,
अपनेपन की शीतल छाया,
जैसे सावन गहरा हो।
जीवन की हर कठिन डगर में,
हाथ पकड़कर चलता है,
टूटी हुई उम्मीदों में भी,
आशा का दीप जलता है।
मित्र वही जो मान बढ़ाए,
गिरने कभी न देता है,
सच्चाई की राह दिखाकर,
जीवन सफल बनाता है।
ऐसे मित्र का मान करो तुम,
ईश्वर का वरदान वही,
जीवन भर जो साथ निभाए,
सबसे बड़ा सम्मान वही।
वही मित्र है मन को भाता,
जो सच्चा होता है,
प्रेम, भरोसे और समर्पण से,
जीवन अच्छा होता है।
*********************
“चाँदनी रात, साजन का साथ”
चाँदनी रात, साजन का साथ,
महके मन जैसे फूलों की बात।
मधुर मिलन की प्यारी सौगात,
आ जाओ अब मेरे नाथ।
साँसों में घुला तेरा ही ख़ुमार,
धड़के मेरा ये नाज़ुक दिल बार-बार।
नैना बिछाए बैठी तेरे द्वार,
आ जा मेरे प्रीतम, कर ले प्यार।
पायल छनके, चूड़ी खनके,
तेरी याद में मन मेरा बहके।
मंद पवन भी तेरा नाम पुकारे,
सपनों के पंछी नभ में विचरें।
कोरी चुनरिया लहर-लहर जाए,
तेरी बाँहों का सपना सजाए।
अधरों पर मधुमय मुस्कान खिले,
दिल में प्रेम के दीप जले।
फूलों की खुशबू कहती हर बार,
तुझ बिन सूना हर त्योहार।
आकर भर दे जीवन में बहार,
तुझसे ही मेरा सारा संसार।
मन वीणा के छेड़ो तार,
गूँजे प्रेम का मधुर सितार।
जनम-जनम का अपना हो प्यार,
तू ही मेरा है श्रृंगार, तू ही है मेरा आधार।







