संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
तहसील में बैंक-डाकघर और उपकोषागार की सुविधा शुरू कराने की मांग एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
छिबरामऊः तहसील मुख्यालय पर उपकोषागार, डाकघर, एटीएम और मिनी बैंक की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन मंगलवार को उप जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी को सौंपा। अधिवक्ताओं ने कहा कि इन सुविधाओं के अभाव में अधिवक्ताओं के साथ ही दूर-दराज से आने वाले वादकारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव और महासचिव पंकज मिश्रा ने बताया कि तहसील मुख्यालय पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज, अपर सिविल जज, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और चकबंदी अधिकारी समेत कई न्यायालय व कार्यालय संचालित हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं।
अधिवक्ताओं ने बताया कि तहसील मुख्यालय पर पहले उपकोषागार संचालित होता था, लेकिन इसके बंद होने से स्टांप और टिकट आदि लेने के लिए लोगों को अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। इसी तरह डाकघर, बैंक और एटीएम की सुविधा न होने से भी लोगों को दिक्कत होती है।
बार एसोसिएशन ने पूर्व में संचालित उपकोषागार को फिर से शुरू कराने के साथ तहसील परिसर में डाकघर की शाखा, एटीएम और मिनी बैंक स्थापित कराने की मांग की। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव दुबे, उपाध्यक्ष दिनेश यादव, कोषाध्यक्ष अंजू पटेल, सचिव प्रशासन नरेंद्र शाक्य, अमित दुबे, ललित दुबे, पूर्व महासचिव ललित प्रताप सिंह, सामोद यादव और अभिषेक दुबे समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।







