राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
मैनपाट, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
चल चला चल,,
(कहानी)
रवि एक छोटे से गाँव का युवक था। उसके पिता मजदूर थे और माँ बीमार रहती थीं। घर में दो वक्त की रोटी मुश्किल से जुटती थी। रवि पढ़ना चाहता था, लेकिन स्कूल छोड़कर खेतों में काम करना पड़ता था।
एक दिन गाँव में एक सरकारी योजना आई गरीब बच्चों को शहर के अच्छे स्कूल में मुफ्त शिक्षा। रवि का नाम भी चुन लिया गया लेकिन शर्त थी शहर जाना होगा, वहाँ रहना होगा, और पढ़ाई के साथ-साथ संघर्ष भी करना होगा।
माँ ने आँसू पोंछते हुए कहा, “बेटा, वहाँ अकेले कैसे रहोगे? भूखे रहोगे तो क्या करोगे?”
रवि ने माँ के हाथ पकड़ लिए, “माँ, अगर संघर्ष से डर गया तो हमेशा यहीं रहूँगा आगे बढ़ना है तो डर को पीछे स्थान छोड़ना होगा।
शहर पहुँचकर रवि को बहुत कठिनाइयाँ आईं। छात्रावास में जगह नहीं मिली तो एक छोटे कमरे में रहना पड़ा, पढ़ाई के साथ सुबह-शाम काम करना पड़ता था। कई बार भूखा सोना पड़ा। सहपाठी हँसते थे ‘गाँव का गरीब लड़का!’ एक साल परीक्षा में फेल हो गया तो दिल टूट गया।
रात को अकेले बैठा था कि मन में आवाज वापस चले जाओ… इतना संघर्ष क्यों?
लेकिन तभी याद आई माँ की बात और अपना वादा “संघर्ष से न डरूँगा सदा आगे बढूंगा”।
दूसरे दिन से रवि और मेहनत करने लगा। रात को किताबों के साथ बैठता, सुबह काम करता और धीरे-धीरे आत्म विश्वास सुधरने लगे। अध्यापकों ने उसकी लगन देखी। एक दिन कॉलेज के प्रिंसिपल ने कहा, “तुम्हारी मेहनत देखकर लगता है तुम बहुत दूर जाओगे।”
चार साल बाद रवि इंजीनियर बनकर निकला। पहली सैलरी मिली तो सबसे पहले माँ के इलाज और घर की मरम्मत करवाई। गाँव लौटकर उसने छोटे बच्चों के लिए एक मुफ्त कोचिंग क्लास शुरू की।
एक दिन एक छोटा लड़का रोते हुए आया “सर, घर में इतनी मुश्किलें हैं… मैं आगे कैसे पढ़ूं और बढ़ूँ?” रवि मुस्कुराया और बोला, “बेटा, संघर्ष से मत डरो, डर सिर्फ संकल्प कमजोर करता है। आगे बढ़ते रहो हर मुश्किल तुम्हें और मजबूत बनाएगी मैं तुम्हारे साथ हूं।
आज रवि का नाम पूरे इलाके में प्रेरणा का स्रोत है। वह साबित कर चुका है कि संघर्ष से भागने वाला कभी आगे नहीं बढ़ता और संघर्ष को गले लगाने वाला ही मंजिल तक पहुँचता है।
संघर्ष जीवन का हिस्सा है, डरकर रुकने से कुछ नहीं मिलता, हिम्मत रखकर एक कदम आगे बढ़ाओ रास्ता खुद बनता चला जाएगा।
कहानी की सीख सभी पर लागू होती है,,चाहे लेखक / कवि हो,, गृहिणी हो नौकरी पेशा आदमी या व्यवसायी ,,सफल होने के लिए लग्न और परिश्रम के साथ सदैव चलते रहना चाहिए।
– राजेंद्र रंजन गायकवाड
मैनपाट 04/08/2026







