संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के निर्देश।
कन्नौजः विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और स्वतंत्रता दिवस को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं को MyGov पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करने के साथ विभाजन विभीषिका पर आधारित फिल्म और डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर नौ से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान जनउत्सव के रूप में मनाया जाएगा। प्रत्येक घर, कार्यालय, विद्यालय और सार्वजनिक स्थल पर तिरंगा फहराने के साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कराया जाएगा। लोगों को तिरंगे के साथ सेल्फी और वंदे मातरम् गायन के वीडियो हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
डीएम ने तहसील, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकालने के निर्देश दिए। 15 अगस्त को विद्यालयों में प्रभात फेरी, रंगोली, चित्रकला, निबंध, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराने को कहा। अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार समय से तिरंगे उपलब्ध कराकर घर-घर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम की रंगोली, स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र और सेल्फी प्वाइंट बनाने के साथ सफाई, रंगाई-पुताई व प्रकाश व्यवस्था कराने को कहा गया। बैठक में सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, एडीएम देवेंद्र सिंह, एएसपी अजय कुमार समेत एसडीएम व जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।







