सम्पादक फिरोजपुरः राजीव कुमार
(नया अध्याय, फिरोजपुर)
भगवान श्री राम जी की शाश्वत शिक्षाओं और आदर्शों को समर्पित नाटक ‘हमारे राम’ 30 अगस्त को होगा प्रस्तुत:
नील गर्ग।
दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक तथा शाम 6 बजे से रात 9:30 बजे तक होगा नाटक का मंचन।
फिरोजपुरः 28 अगस्त। पंजाब सरकार द्वारा भगवान श्री राम जी की शाश्वत शिक्षाओं और आदर्शों को समर्पित नाटक ‘हमारे राम’ का मंचन 30 अगस्त को जेनसिस इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस एंड रिसर्च, मोगा रोड, फिरोजपुर में किया जाएगा। यह जानकारी पंजाब मीडियम इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन नील गर्ग ने जिला परिषद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
नील गर्ग ने बताया कि 30 अगस्त को स्थानीय जेनसिस इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस एंड रिसर्च में ‘हमारे राम’ की भव्य प्रस्तुति की जाएगी। इसमें भगवान श्री राम जी की शाश्वत शिक्षाओं और आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस नाटक में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता आशुतोष राणा सहित अन्य जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य भगवान श्री राम जी की शाश्वत शिक्षाओं को लोगों तक पहुंचाना, सनातन धर्म की मान्यताओं एवं मूल्यों को मजबूत करना तथा थिएटर के सशक्त माध्यम से सत्य, न्याय, दया और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से पंजाब सरकार देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।

नील गर्ग ने बताया कि नाटक का मंचन दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक तथा शाम 6 बजे से रात 9:30 बजे तक किया जाएगा। शो के लिए पास फिरोजपुर शहरी के विधायक रणबीर सिंह भुल्लर, फिरोजपुर ग्रामीण के विधायक रजनीश दहिया तथा आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष हरजिंदर सिंह घागा के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा बुक माय शो के माध्यम से भी टिकट बुक की जा सकती है। उन्होंने बताया कि शो में प्रवेश बिल्कुल नि:शुल्क होगा।
इस अवसर पर जीत पाल शर्मा, मालवा चुनाव प्रभारी, सनातन सेवा समिति; अमेरिक सिंह, मालवा जोन कोऑर्डिनेटर, सनातन सेवा समिति; तरसेम पाल शर्मा, जिला अध्यक्ष, सनातन सेवा समिति; इंद्र गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।






