सौजन्यः दिनेश शास्त्री (प्रभारी सम्पादक)
हेमचंद्र सकलानी
(सकलानी साहित्य सदन)
विद्यापीठ मार्ग, विकासनगर, देहरादून
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
माँ की सीख-(कहानी)
******************************
‘‘काँगेच्यूलेशन मिस्टर अनिल, आप इन्टरव्यू में सलैक्ट हुए। एक बार फिर बधाई आपको। आपने अपने व्यूस को बहुत सुन्दरता से प्रस्तुत किया। तीन दिन के अंदर कार्यालय से एडवांस लेकर आप ट्रेनिंग के लिए मुम्बई कार्यालय में अपनी जोईनिंग दे सकते हैं।” कुर्सी से उठते हुए सलैक्शन कमेटी के चेयरमैन तथा अन्य ने हाथ आगे बढ़ाकर गर्मजोशी से उसे बधाई दी थी तब अनिल के चेहरे पर शालीनता भरी मुस्कान, “थैंक्स सर,” स्वर के साथ उभरी थी। उस आफिस में औपचारिकताएं पूरी कर अनिल ने जैसे ही दरवाजा खोलकर घर के अंदर प्रवेश किया कि माॅं राधा की आवाज कानों टकराई जबकि न उसने माॅं को देखा था न माॅं ने उसको। माॅं कैसे अनुमान लगा लेती है वह अक्सर सोचता रह जाता था। ‘‘अरे अनिल कैसा रहा इंटरव्यू ? ‘‘ पूछा था माँ ने। माँ के पास दूसरे कमरे में पहुॅंचकर राधा के गले से लिपटते बोला था ‘‘अरे माॅं तेरी मेहनत तेरे आशीर्वाद को तो भगवान भी नहीं टाल सकता, मेरा सलेकशन हो गया है माँ।” हँसते हुए कहा था अनिल ने। कुछ रूक कर बोला ‘‘परसों सुबह छ महीने की ट्रेनिंग के लिए मुम्बई जाना है।” तब तक राधा प्लेट में मिष्ठान लेकर आ गयी थी उसका मुँह मीठा कराने के लिए। अनिल के पिता कृष्ण जी अभी आफिस से नहीं आये थे। अगले महिने सेवा निवृत होने वाले थे, इसलिए सारा काम निपटाने में आजकल देर हो रही थी। अनिल ने आफिस में रिंग कर बताया ‘‘पिताजी मेरा सलैक्शन हो गया है, परसों मुम्बई जाना है ट्रेनिंग के लिए।”
‘‘अरे वाह, बहुत बहुत बधाई, मुझे पूरा विश्वास था तुम्हारी मेहनत और लगन एक दिन जरूर कामयाब होगी। मुझे थोड़ी देर होगी आने में, आने पर बात करता हूँ।” कहते हुए जैसे हजारों मन का बोझ उतर गया था कृष्ण जी के दिमाग से। यही सोच के परेशान रहने लगे थे कि क्या होगा अनिल के भविष्य का और उनके परिवार का यदि शीघ्र अनिल की नौकरी नहीं लगी। सुबह सुबह कृष्ण जी, पत्नी राधा उनका बेटा अनिल उठे ही थे कि पड़ोस से जोर जोर, पहले तू तू मैं मैं, फिर चीखने चिल्लाने की आवाजें, फिर बर्तनों की उठा पटक सुनाई पड़ने लगी थी। आज ही नहीं हर तीसरे चैथे दिन का कार्यक्रम था उस सामने के घर में दिनेश और रंजना के बीच लड़ाई झगड़े का। राधा का मन आज फिर खराब हो गया था। खिड़की से झाॅंक कर देखा तो कमल जी और उनकी धर्म पत्नी ममता सहमें से खड़े थे। दो वर्ष पूर्व कितने मन से शादी की थी उन्होंने अपने पुत्र दिनेश की अपने मित्र कमल और ममता की पुत्री रंजना से यह सोच कर कि अब घर में खुशहाली आयेगी। लेकिन तीन चार महिने बाद से ही दोनों के संबंध तनाव पूर्ण हो गए थे। ऐसा भी दिन आया जब दिनेश की बहु रंजना ने सास ससुर को तिमंजिले के अकेले कमरे में जाने का फरमान सुना दिया था। बेचारे दोनो अकेले एकांत कमरे में रहते, स्टोव पर खाना बनाते। वो सपना जो एक सुखी परिवार का देखा था कुछ महिने में ही उड़न छू हो गया था। कितने मेहनत अरमानों से यह घर बनाया था जिसे वो आज अपना भी नहीं कह सकते थे। एक घंटे की तू तू मै मैं के बाद सन्नाटा पसर गया था। दूसरे परिवार का मामला था इसलिए सब चुप्पी लगा गये। थोड़ी देर बाद रंजना ने टैक्सी मंगायी और दिनेश को यह कह कर कि ‘‘देख लूंगी तुझे कोर्ट में” फिर अपने मायके चली गयी। आस पास कई परिवारों में लड़ाई झगड़े दहेज के कारण टूटते परिवारों में यह सब देख सुन कृष्ण जी और राधा का मन भारी और चिन्तित हो गया था अपनी बेटी कविता के बारे में सोच कर जिसकी चार महिने पहले ही शादी हुई थी अलवर में अभियन्ता अमर से कि, न जाने कैसी होगी अपने घर में, सिर्फ एक दो बार ही तो फोन आया था उसका। पर हमेशा दोनों मूर्तियों के सामने मन ही मन उसके सुखी घर की कामना करते रहते थे।
अगले दिन अनिल के बहुत मना करने पर भी दोनों माता पिता उसे छोड़ने रेलवे स्टेशन तक आये थे। अनिल ने जब दोनों के पैर छुए तो भरी आँखों से आशीर्वाद ही दे पाए बोल नहीं सके थे कुछ और तब तक निहारते रहे ट्रैन को जब तक नजरों से ओझल नहीं हो गयी। लौटते हुए कृष्ण अपनी पत्नी से बोले ‘‘राधा भगवान ने जीवन में मुझे कुछ दिया हो या न दिया हो, कोई शिकायत नहीं मुझे लेकिन उसने हमें बेटे अनिल और बेटी कविता जैसा सुंदर उपहार जरूर दिये उसने। अब तुम्हीं देखो कभी उन्होंने ऊँची आवाज में हमसे बात नहीं की, कभी कोई जिद् नहीं की, हमेशा हमारी बात का मान सम्मान रखा, आजकल कहाँ देखने को मिलते हैं ऐसे बच्चे।” कहते कहते कुछ सोचते चुप हो गए थे कृष्ण जी। राधा दोनों के बचपन को याद कर कहीं खो गयी थी इसलिए कुछ बोल न सकी।
छः महिने बाद ट्रेनिंग पूरी कर जब अनिल के घर लौटने की खबर कविता को लगी तो उसने भी बहुत दिनों बाद अपने घर आने की इच्छा अपने ससुराल में पति सास ससुर को बतायी, हालांकि कविता के घर में भी थोड़ा बहुत तनाव आपस में चल रहा था। लेकिन जाने की अनुमति उसे सहर्ष मिल गयी थी, शायद यह सोचकर कि थोड़े दिन घर में शान्ति रहेगी। उस दिन पूरा परिवार एकत्रित था घर में तब लगे हाथ अनिल की शादी की बात भी चल पड़ी। शुभ अवसर देख अनिल ने साथ कार्यरत निर्मला जिसे बहुत समय से पसंद करता था से शादी करने की बात अपने परिवार के सामने रखी। निर्मला के परिवार को बुलाकर कृष्ण जी ने तथा राधा ने शादी की बात कर, शादी का दिन भी तय कर दिया था।
शादी के दो दिन पहले ही कृष्ण जी का घर मेहमानों से भर गया था। हर ओर हँसी खुशी का माहौल था। शानदार तरीके से बारात गयी और अगले दिन दुल्हन को लेकर लौटी। ऊपर का कमरा अनिल निर्मला के लिए सुरक्षित था तथा नीचे के बगल के दो कमरे कविता अमर उसके माता पिता शशी और शशांक के लिए। राधा अनुभव कर रही थी कविता के, पति और सास ससुर से संबंध कुछ खिंचाव भरे से हैं। अगली सुबह उठते ही राधा, कष्ण जी और आया के साथ मिलकर सबके लिए नाश्ता बनाने लगी थी। आज दोपहर खाने के बाद सभी ने अपने के घरों को प्रस्थान करना था। नाश्ता बनते बनते सुबह के नौ बज गये थे। बुलाने पर सभी एक एक कर नाश्ते की टेबल पर एक दूसरे को नमस्ते करते हल्की मुस्कराहट के साथ बैठ गए थे। अभी नाश्ता शुरू ही हुआ था कि पड़ोस के कमल जी ममता जी और दिनेश रंजना के घर से जोरदार तीखे स्वरों में तू तू मै मैं के साथ चीखने चिल्लाने के स्वर सुनाई पड़ने लगे थे। बहुत दिनों बाद लौट के आई थी रंजना और फिर वही काम शुरू हो गया था। कविता के पति अमर और सास शशी और शशांक ससुर तथा नई दुल्हन निर्मला एक दम से भौंचक्के रह गए थे सुबह सुबह लड़ाई झगड़े का शोर सुनकर।
कविता के सास ससुर एक साथ पूछ बैठे ‘‘अरे क्या हो रहा है, यह कैसा शोर है ?”
‘‘अरे कुछ नहीं अभी चार पाँच महिने ही शादी को हुए हैं बस सारा समय पति प्त्नि एक दूसरे में दोष निकालने में लगा देते हैं। औरत बार बार मायके जाने की धमकी देती है, सारा दोष सास ससुर पर मडना फैशन सा हो गया है” उत्तर दिया था राधा ने।
फिर कुछ देर ठहर कर कविता से बोली ‘‘सुनो बेटी कविता, और निर्मला, पृथ्वी पर जीवन की सुंदरता और खुशहाली बनी रहे इसीलिए ईश्वर ने नर नारी बनाये हैं। स्त्री बेल की तरह होती है उसे जीवन में किसी न किसी सहारे की जरूरत होती है। कविता, निर्मला, देखो ‘‘शादी’’ की परम्परा इसी सुंदरता को बनाए रखने के लिए आदिकाल से चली आ रही है। एक स्त्री को अपना वह घर जहाॅं उसका बचपन, उसका जीवन उसके भाई बहन माता पिता के साथ हँसते हँसते बीता हो छोड़ना कितना कठिन और दुख भरा होता है यह पुरूष नहीं समझ सकता। लेकिन हर स्त्री को अपना एक नया घर बसाना बनाना होता है, हर माता पिता की यही प्रबल ईच्छा होती है कि उनकी बेटी का एक अपना घर और सुखी परिवार हो। अपने घर में लम्बे समय तक बेटी को रख कर कोई भी माता पिता सुखी नहीं रह सकते। इसलिए शादी के बाद सास ससुर को ही अपने माता पिता जैसा सम्मान आदर देना तुम्हारा कर्तव्य और उत्तरदायित्व है…’’ राधा की बात अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि कविता उठकर अपने सास ससुर के पाँव छूते बोली ‘‘सही कहा माॅं जी आपने, हमने कभी ऐसा सोचा भी नहीं था, न किसी ने हमें बताया था। आज से मेरे सास ससुर ही पहले मेरे माता पिताजी हैं। उस घर मे शाँति हँसी खुशी बनी रहे यही मेरा पहला कर्तव्य होगा आज से।’’ ‘‘और बेटे अनिल सुनो, जिस लड़की को तुम शादी करके लाए हो उसके सुख दुख का ख्याल रखना उसे कोई कष्ट न पहुॅंचे यह तुम्हारा परम कर्तव्य है।” अनिल ने अपनी माँ पिता के और निर्मला ने भी अपनी सास राधा और ससुर कृष्ण जी के पाँव स्पर्श किए यह कहते हुए ‘‘माँ हम आपका आदेशों का हमेशा पालन करेंगे।’’
कुछ रूक कर राधा बोली ‘‘जानते हो यह सब मैंने क्यों कहा आप लोगों से, अभी पड़ोस में जो लड़ाई झगड़ा आपने सुना देखा वो समझने के लिए पर्याप्त है। शादी तो हर माता पिता अपने पुत्र पुत्रियों की करते हैं लेकिन उन्हें शादी के बाद अपने परिवार के प्रति कर्तव्यों उत्तरदायित्वों को निभाने की शिक्षा कोई नहीं देता।’’ सुनते ही सबके चेहरों पर मुस्कान उतर आयी थी। पारिवारिक वातावरण में जो तनाव और भय का वातावरण था माँ के सुंदर परामर्श से वह बदलने लगा था। कृष्ण जी, राधा और कविता के पति और शशी, शशांक जी के चेहरे पर इस तरह संतोष का भाव उभर आये थे जैसे कोई मौसम बदल गया हो। और फिर हँसी खुशी सब उस घर से विदा हुए।
(कहानी यदि कोई सीख संदेश न दे तो उसका कहानी होना व्यर्थ है।)







