मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, देहरादून)
वरिष्ठ एवं एकल नागरिकों की कुशलक्षेम जानने पहुंची महिला कोतवाली पुलिस, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन।
साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर किया जागरूक।
अल्मोड़ाः वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके, द्वारा जनपद के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों को “ऑपरेशन भल छौ” के तहत अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत निवासरत एकल बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों का विवरण थाने के रजिस्टर में दर्ज करने तथा समय-समय पर उनसे मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त करते हुए हरसंभव सहायता प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया है।

उक्त निर्देशों के क्रम में आज दिनांक 30.08.2026 को अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली अल्मोड़ा जानकी भण्डारी के नेतृत्व में महिला हेड कांस्टेबल कविता बिष्ट एवं महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी द्वारा गांव-गांव जाकर अकेले रहने वाले एकल बुजुर्गों एवं अन्य वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी गई।
पुलिस टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों से उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें थाना के संपर्क नंबर एवं डायल-112 हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि स्वास्थ्य संबंधी अथवा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें, पुलिस द्वारा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
अपने घर पर पुलिस टीम को पहुंचकर कुशलक्षेम पूछते देख तथा सहायता का आश्वासन मिलने पर वरिष्ठ नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महिला कोतवाली पुलिस का आभार एवं सराहना की।
इसके अतिरिक्त पुलिस टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, नशे के दुष्प्रभाव, नए आपराधिक कानून, गौरा शक्ति एप, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में जागरूक किया गया।








