संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंची वृद्धा, सरकारी आवास खाली कराने की लगाई गुहार।
छिबरामऊः तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जयसिंहपुर गांव की वृद्ध महिला बृजरानी पत्नी स्वर्गीय बृजकिशोर शाक्य ने शिकायती प्रार्थना पत्र देकर अपने आवास को कब्जामुक्त कराने की गुहार लगाई। महिला ने अधिकारियों से मामले की जांच कराकर उसे अपने आवास पर कब्जा दिलाने की मांग की।
शिकायती पत्र में बृजरानी ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते वर्ष 2011 में उसे सर्वसमाज महामाया आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था। सरकारी सहायता और अपनी ओर से धन लगाकर उसने मकान का निर्माण कराया। महिला का आरोप है कि मकान तैयार होने के बाद उसके देवर धीरेन्द्र उर्फ चतुरी ने कथित रूप से आवास पर कब्जा कर लिया और परिवार के साथ रहने लगा।


महिला के मुताबिक, आवास खाली कराने की बात कहने पर विवाद की स्थिति पैदा होती है। उसने बताया कि समस्या को लेकर पूर्व में भी अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक उसे आवास का कब्जा नहीं मिल सका है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर वृद्धा ने अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवास खाली कराकर उसे कब्जा दिलाने की मांग की। मामले में प्रशासनिक जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। उच्चाधिकारियो ने आश्वासन दिया है अब देखने वाली बात होगी कार्यवाही क्या होती है।







