संवाददाता आगर मालवा : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
नेताजी सुभाष स्कूल में शिक्षक दिवस एवं राधा-कृष्ण बनो प्रतियोगिता संपन्न।
शिक्षकों का किया सम्मान, नन्हे-मुन्ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में आए नजर।
कानड़ः स्थानीय नेताजी सुभाष पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, कानड़ में शिक्षक दिवस का पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में शिक्षक सम्मान समारोह के साथ ही प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए राधा-कृष्ण बनो प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। सरस्वती वंदना जेविका शर्मा, गरिमा त्रिवेदी एवं अवनि दुबे द्वारा प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात कक्षा 11वीं की छात्राओं सलोनी पाठक एवं कविता चौहान ने गणेश वंदना पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी।
विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को सम्मान स्वरूप आकर्षक उपहार एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के लिए चेयर रेस एवं पहेली बूझो प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में हारने वाले शिक्षकों को डांस अथवा भजन प्रस्तुत करने की रोचक शर्त रखी गई, जिससे कार्यक्रम में खूब उत्साह और मनोरंजन का माहौल रहा।
विद्यालय संस्था की ओर से भी सभी शिक्षकों को आकर्षक उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। रानू फूलेरिया, कविता चौहान, लक्ष्मी गुजराती एवं रुखमणी मालवीय ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे बच्चे
प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आयोजित राधा-कृष्ण बनो प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजकर पहुंचे और आकर्षक भजनों पर प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। संस्था की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों को आकर्षक उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष जीवनप्रसाद शर्मा, प्राचार्य कृष्णचंद्र शर्मा, प्र.अ. राधेश्याम बरेठा, प्रगणेश दुबे, गौरव चावड़ा, शिवनारायण परमार, अनोखीलाल जामालिया बोरखेड़ी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शानदार संचालन दीपक बोस ने किया। उक्त जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी दीपक सेन ने दी।







