सोच पब्लिकेशन हाउस
मुंबई / दिल्ली
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आईने के उस पार: मानवीय संवेदनाओं और यथार्थ का जीवंत दस्तावेज।
मुंबई/ दिल्ली : सोच पब्लिकेशन हाउस द्वारा प्रकाशित, समकालीन हिन्दी एवं राजस्थानी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर ओमप्रकाश लटियाल ‘गोरा’ का नया गजल-संग्रह “आईने के उस पार” चर्चा में है। इससे पूर्व उनके गजल-संग्रह ख्वाबों का मुसाफिर व जब लफ्ज महकने लगे, जो सोच पब्लिकेशन हाउस से ही प्रकाशित हुए थे, पाठकों के बीच अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। प्रस्तुत कृति उनकी सृजन-यात्रा का अधिक परिपक्व और विचार-संपन्न पड़ाव है।
जालोर (राजस्थान) के ग्राम करड़ा में जन्मे लटियाल वर्तमान में वरिष्ठ अध्यापक (अंग्रेजी) के रूप में सेवारत हैं। उनकी गजलों का संसार मनुष्य के भीतरी सच, प्रेम की अनुगूँज, सामाजिक यथार्थ और जीवन की अनकही अनुभूतियों से निर्मित है। वे शब्दों को केवल सजाते नहीं, बल्कि उन्हें जीवन का स्पंदन प्रदान करते हैं।
संग्रह का शीर्षक “आईने के उस पार” अपने आप में प्रतीकात्मक है। आईना जहाँ केवल बाहरी चेहरा दिखाता है, वहीं यह संग्रह पाठक को मनुष्य के वास्तविक भीतरी संसार, उसके संघर्षों, स्मृतियों और सपनों की यात्रा पर ले जाता है।
इस संग्रह की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सरल, प्रवाहपूर्ण और संप्रेषणीय भाषा है, जो बिना किसी कृत्रिमता या दुरूहता के पाठक से सीधा संवाद करती है। रदीफ-काफिये के अनुशासन और बहर के सटीक निर्वाह के साथ कवि ने समकालीन संवेदनाओं को बेहद खूबसूरती से पिरोया है। यह पुस्तक न केवल गजल का आस्वाद देती है, बल्कि अंतर्मन को नए दृष्टिकोण से देखने की प्रेरणा भी प्रदान करती है।







