सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
- (नया अध्याय, देहरादून)
जनसमस्याओं को लेकर बसुकेदार में क्रमिक धरना जारी
ऊखीमठः बसुकेदार तहसील क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर चल रहा क्रमिक धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन से स्पष्ट कहा कि अब केवल घोषणाओं और आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि जनहित के मुद्दों पर धरातल पर ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई करनी होगी।
धरने के प्रमुख मुद्दों में बसुकेदार तहसील के स्थायी भवन का निर्माण, अधिकारियों के आवास की व्यवस्था, बडेथ–ताल–जमणा–घंगासू बांगर क्षेत्र के आपदा प्रभावितों को राहत तथा हाट-बस्ती मोटर पुल के निर्माण में हो रही देरी शामिल हैं।
आंदोलनकारियों ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रही है। शासन-प्रशासन द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने के कारण जनता में रोष है। जनहित से जुड़े इन मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
आज के क्रमिक धरने में डॉ. आशुतोष भण्डारी, मनोज वैष्णव, जगमोहन झिंकवान, जगमोहन भण्डारी, अनुज, राकेश, हरीश लाल, अंजू देवी एवं प्रेम बिष्ट सहित क्षेत्र के लोग शामिल रहे।
आंदोलनकारियों ने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि बसुकेदार तहसील क्षेत्र की जनता के अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं के लिए है।








