
संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आठ साल के संघर्ष से NEET तक, तीन पूर्व छात्रों ने बढ़ाया तिर्वा विद्यालय का मान।
अभय, पलक और ओम जी ने मेडिकल पाठ्यक्रमों में लिया प्रवेश, विद्यालय में हुआ सम्मान।
तिर्वाः लक्ष्य के प्रति समर्पण और लंबे संघर्ष के बाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तिर्वा के तीन पूर्व छात्रों ने NEET-2026 में सफलता हासिल कर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश किया है। अभय गौतम, पलक पटेल और ओम जी शुक्ला की उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें ट्रॉफी भेंट की गई।
पूर्व छात्रा पलक पटेल ने NEET-2026 में स्टेट रैंक 12897 हासिल कर किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ में प्रवेश लिया है। वर्ष 2022 में विद्यालय से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाली पलक का चयन लेखपाल परीक्षा में भी हुआ था, लेकिन डॉक्टर बनने के लक्ष्य को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने नौकरी छोड़कर NEET की तैयारी जारी रखी।
वहीं, वर्ष 2025 में विद्यालय से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाले ओम जी शुक्ला ने स्टेट रैंक 36713 प्राप्त कर KGMU में BAMS पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया। किसान परिवार से आने वाले ओम जी ने सीमित संसाधनों के बीच तैयारी कर यह उपलब्धि हासिल की।
इसी तरह विद्यालय के पूर्व छात्र अभय गौतम ने NEET-2026 में स्टेट रैंक 8627 हासिल कर हरदोई मेडिकल कॉलेज में MBBS में प्रवेश प्राप्त किया है। वर्ष 2018 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने के बाद करीब आठ वर्षों तक उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेडिकल क्षेत्र में जाने के लक्ष्य के लिए प्रयास जारी रखा। ग्रामीण परिवेश से आने वाले अभय के पिता राजीव गौतम सेवानिवृत्त शिक्षक हैं।
तीनों पूर्व छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार मिश्रा और आचार्य बंधुओं के मार्गदर्शन को दिया। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य अनिल कुमार मिश्रा, संभाग निरीक्षक विजय तथा वरिष्ठ आचार्यों ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि पूर्व छात्रों की सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कठिन परिस्थितियों में भी सफलता हासिल की जा सकती है। विद्यालय प्रबंधक त्रिलोकी नाथ चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य ने तीनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







