संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
शिकायतों के बाद भी जलभराव से राहत नहीं, डीएम से जांच व स्थायी समाधान की मांग।
कन्नौजः उमर्दा विकासखंड की ग्राम पंचायत पैथाना के धनपूर्वा गांव में जलनिकासी की समस्या ग्रामीणों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्तरों पर शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बारिश के बाद गांव के रास्तों समेत करीब 200 मीटर क्षेत्र में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में जलनिकासी के लिए पर्याप्त नालियां नहीं हैं। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा डामर रोड की पटरी काटे जाने से पानी की निकासी प्रभावित हुई है। इसके चलते बारिश का पानी रास्तों और आबादी के आसपास जमा हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए ब्लॉक व तहसील स्तर पर शिकायत करने के साथ जनसुनवाई पोर्टल पर भी मामला दर्ज कराया गया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से ग्रामीणों ने संक्रमण फैलने की आशंका भी जताई है।
ग्राम प्रधान एवं प्रशासक प्रतिनिधि विपिन कुमार समेत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मौके पर सक्षम मजिस्ट्रेट और थाना ठठिया पुलिस भेजकर स्थिति की जांच कराने तथा आवश्यकता के अनुसार नाली निर्माण कराकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का समाधान केवल अस्थायी जलनिकासी से नहीं, बल्कि मौके का निरीक्षण कर स्थायी व्यवस्था किए जाने से ही संभव है। अब प्रशासनिक कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर है।







