ब्यूरो कुमाऊं: दयानन्द कठैत
(नया अध्याय, कुमाऊं)
जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा को ढाई माह बाद मिला फिजिशियन, मरीजों को मिली बड़ी राहत : वैभव पाण्डे
कांग्रेस के दबाव और आन्दोलन की स्पष्ट चेतावनी
के बाद सरकार ने की फिजिशियन की तैनाती
अल्मोड़ा: जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में करीब ढाई माह से रिक्त चल रहे फिजिशियन के पद पर आखिरकार चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। फिजिशियन की नियुक्ति से, लंबे समय से चिकित्सक की कमी के कारण परेशान मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर कांग्रेस महामंत्री वैभव पाण्डे ने फिजिशियन की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में लंबे समय से फिजिशियन का पद खाली होने के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कांग्रेस लगातार इस गंभीर समस्या को सरकार और स्वास्थ्य विभाग के सामने उठाती रही और चिकित्सक की तत्काल नियुक्त की मांग करती रही।
पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि निर्धारित समय में जिला चिकित्सालय में फीजिशियन की नियुक्ति नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे और सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया था कि मरीजों के हित से जुड़े हुए इस गंभीर मुद्दे पर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वैभव पाण्डे ने कहा कि फिजिशियन की कमी का सीधा असर आम मरीजों पर पड़ रहा था। गंभीर एवं सामान्य बीमारियों से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा था।कई मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला मुख्यालय से बाहर जाना पड़ रहा था। ऐसे में फिजिशियन की उपलब्धता मरीजों के लिए बड़ी राहत है।
वैभव पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी राजनीतिक श्रेय के लिए नहीं, बल्कि अल्मोड़ा की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिला चिकित्सालय में रिक्त चल रहे अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को भी शीघ्र भरा जाए। यदि अन्य रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां नहीं की गई और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस दुबारा आंदोलन का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने कहा कि पहाड़ के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर रेफर होने से बचाने के लिए जिला स्तर पर ही पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। कांग्रेस जनता से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।









