संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मां-बच्चे के पोषण पर जोर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिला सम्मान।
‘आंगन मिलन सेवा’ का हुआ शुभारंभ, सात गर्भवतियों
की गोदभराई और बच्चे का कराया अन्नप्राशन।
कन्नौज: मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण को लेकर बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से शुक्रवार को ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराकर पोषण व स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं को परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बच्चों के स्वस्थ विकास के साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण और परिवारों में स्वास्थ्य-स्वच्छता की जागरूकता बढ़ाने में उनकी जिम्मेदारी अहम है।
कार्यक्रम के दौरान 40 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को साड़ी वितरित की गईं, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सात गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म और एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
सभागार में विभागीय योजनाओं और सेवाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए। इनके माध्यम से लोगों को पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास तथा मातृ-शिशु देखभाल से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। सीडीओ ने कार्यकत्रियों से योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और अपने दायित्वों का संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
25 सितंबर से सात अक्टूबर तक चलेगा अभियान
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग का ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक चलेगा। कार्यक्रम में उपायुक्त स्वत: रोजगार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी कन्नौज ग्रामीण व कन्नौज नगर समेत करीब 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सहायिका और अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।






