ब्यूरो बिहार: कुमार संदीप
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
मुस्कान केशरी ने बच्चों के बीच फल, बिस्कुट एवं
पठन-पाठन सामग्री वितरित कर जगाई शिक्षा की अलख।
मुजफ्फरपुर के मालीघाट स्थित अमन चिल्ड्रेन्स स्कूल में बुधवार को एम. एस. केशरी पब्लिकेशन की संचालिका एवं युवा समाजसेवी मुस्कान केशरी की अध्यक्षता में बाल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों के बीच फल, बिस्कुट एवं पठन-पाठन सामग्री का वितरण कर उनके चेहरों पर प्रसन्नता की मुस्कान बिखेरी गई। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति अनुराग जागृत करना, उनके भीतर आत्मविश्वास एवं उत्साह का संचार करना तथा उनके साथ स्नेह, संवेदना और खुशियों के आत्मीय क्षण साझा करना रहा। इस अवसर पर मुस्कान केशरी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के जीवन में खुशियों के रंग भरना और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करना समाज का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और कुछ कर गुजरने की प्रबल आकांक्षा हो, तो कठिन से कठिन लक्ष्य की प्राप्ति का मार्ग भी प्रशस्त हो सकता है। बच्चों के भीतर शिक्षा के प्रति जागरूकता, सकारात्मक सोच एवं आगे बढ़ने की ललक विकसित करने के उद्देश्य से समय-समय पर बाल संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार सुनील कुमार द्वारा प्रस्तुत जीवंत कठपुतली नाट्य प्रदर्शन रहा। अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से उन्होंने बच्चों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें पर्यावरण संरक्षण का महत्त्वपूर्ण संदेश भी दिया। कठपुतलियों के रोचक संवाद एवं प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने, अपने आसपास हरियाली विकसित करने तथा किसी भी शुभ अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस प्रकार कला और मनोरंजन के सुंदर समन्वय ने बच्चों के मन में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं प्रकृति के प्रति आत्मीयता का भाव जागृत करने का प्रयास किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती बबिता ठाकुर, निदेशक श्री अनिल कुमार ठाकुर, वरिष्ठ कठपुतली कलाकार कांता देवी, प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार सुनील कुमार, एम. एस. केशरी पब्लिकेशन की सक्रिय सदस्य दीपा श्रीवास्तव, आदित्य श्रीवास्तव एवं अभिप्रिया श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान दीपा श्रीवास्तव ने बाल कविता की मनोहारी प्रस्तुति देकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम के वातावरण को और भी आनंदमय एवं जीवंत बना दिया। बच्चों के प्रति स्नेह, सामाजिक संवेदनशीलता एवं सेवा-भाव से परिपूर्ण पहल के लिए मुस्कान केशरी को महात्मा ज्योतिराव फुले की तस्वीर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समाज में शिक्षा, समानता, मानवीय मूल्यों एवं बाल कल्याण के प्रति समर्पित प्रयासों की महत्ता को रेखांकित करने वाला प्रेरक प्रसंग रहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर अमन चिल्ड्रेन्स स्कूल की प्राचार्या श्रीमती बबिता ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया तथा आयोजन से जुड़े सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

निस्संदेह, बाल संवाद कार्यक्रम बच्चों के जीवन में ज्ञान, आनंद और सकारात्मक संस्कारों के बीज रोपने की एक सराहनीय पहल रही। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षा के साथ संवेदना, रचनात्मकता, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का भी समान महत्त्व है। जब समाज के जागरूक व्यक्ति बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए आगे आते हैं, तब उनके प्रयास न केवल बाल मन में आशा का दीप प्रज्वलित करते हैं, बल्कि एक संवेदनशील, शिक्षित एवं जिम्मेदार समाज की आधारशिला भी सुदृढ़ करते हैं।






